Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

लोस चुनाव के दूसरे चरण में 21% दागी उम्मीदवार, 33 प्रतिशत हैं करोड़पति

आज थमेगा पहले चरण का चुनाव प्रचार, 19 अप्रैल को होगी वोटिंग
Follow on Google News
लोस चुनाव के दूसरे चरण में 21% दागी उम्मीदवार, 33 प्रतिशत हैं करोड़पति

नई दिल्ली। लोकसभा चुनाव के पहले चरण के लिए चुनाव प्रचार बुधवार शाम को थम जाएगा और 19 अप्रैल को वोटिंग होगी। इसके बाद राजनीतिक दल दूसरे चरण के लिए प्रचार अभियान तेज करेंगे। दूसरे चरण में केरल, यूपी समेत 12 राज्यों की 87 सीटों पर 26 अप्रैल को मतदान होना है। इस चरण में कुल 1198 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं। एसोसिएशन फॉर डेमोक्रेटिक रिफॉर्म्स (एडीआर) की रिपोर्ट के अनुसार, दूसरे चरण में चुनाव लड़ रहे 250 उम्मीदवार (21%) आपराधिक छवि के हैं।

इनमें से 167 पर गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं। इसके अलावा 390 उम्मीदवार (33%) करोड़पति हैं। प्रत्याशियों की औसत संपत्ति 5.17 करोड़ रुपए है। एडीआर और नेशनल इलेक्शन वॉच ने दूसरे चरण में चुनाव लड़ रहे 1192 उम्मीदवारों के चुनावी हलफनामे का विश्लेषण कर बताया कि लोस चुनाव के दूसरे चरण में 32 उम्मीदवार ऐसे हैं, जिन पर कम से कम एक मामले में दोष सिद्ध हो चुका है।

भाजपा के 69 में से 64 उम्मीदवार करोड़पति

रिपोर्ट के मुताबिक, दूसरे चरण में 33% यानी 390 उम्मीदवार करोड़पति हैं। जिन्होंने अपनी संपत्ति एक करोड़ रुपए से ज्यादा घोषित की है। भाजपा के 69 में से 64 (93%), कांग्रेस के 68 में से 62 (91%) उम्मीदवार करोड़पति हैं। जेडीयू के 5, टीएमसी के 4, शिवसेना (यूबीटी) के 4, शिवसेना (शिंदे गुट) के 3, सीपीआईएम के 12 व सीपीआई के दो, सपा के 4 उम्मीदवार करोड़पति हैं।

100 महिला उम्मीदवार चुनाव मैदान में

लोस चुनाव के दूसरे चरण में 100 महिला उम्मीदवार चुनाव लड़ रही हैं। वहीं, 533 उम्मीदवारों ने अपनी शैक्षिक योग्यता 5वीं और 12वीं कक्षा के बीच घोषित की है। 574 उम्मीदवार की शैक्षिक योग्यता स्नातक या उससे अधिक है। 8 उम्मीदवारों ने खुद को असाक्षर घोषित किया है।

हेमा मालिनी तीसरी सबसे अमीर उम्मीदवार

  • कर्नाटक की मांड्या सीट से चुनाव लड़ रहे कांग्रेस उम्मीदवार वेंकटरमण गौड़ा दूसरे चरण में सबसे अमीर उम्मीदवार हैं। उन्होंने अपनी कुल संपत्ति 622 करोड़ रुपए से अधिक घोषित की है।
  • कर्नाटक के बेंलगुरु ग्रामीण सीट से चुनाव लड़ रहे कांग्रेस उम्मीदवार डीके सुरेश की कुल संपत्ति 593 करोड़ रुपए से अधिक है।
  • यूपी की मथुरा सीट से भाजपा उम्मीदवार और अभिनेत्री हेमा मालिनी ने अपनी कुल संपत्ति 278 करोड़ रुपए से अधिक घोषित की है।

आपराधिक छवि के शीर्ष 3 उम्मीदवार केरल से

  • वायनाड से राहुल गांधी के खिलाफ चुनाव लड़ रहे भाजपा उम्मीदवार के. सुरेंद्रन पर सबसे अधिक 243 मामले दर्ज हैं। इनमें से 139 मामले आईपीसी की गंभीर धाराओं में हैं।
  • दूसरे नंबर पर केरल की एर्नाकुलम सीट से भाजपा उम्मीदवार डॉ. केएस राधाकृष्णन ने अपने ऊपर पर 211 आपराधिक मामलों की जानकारी दी है। उन पर 5 केस गंभीर धाराओं में दर्ज हैं।
  • इडुक्की से कांग्रेस उम्मीदवार डीन कुरियाकोस पर 88 आपराधिक मामले में हैं, जिनमें से 23 गंभीर धाराओं में दर्ज हैं।

कांग्रेस के 35, भाजपा के 31 आपराधिक छवि के

लोकसभा चुनाव के दूसरे चरण में भाजपा के 69 उम्मीदवारों में से 31 पर आपराधिक मामले दर्ज हैं। इसी तरह कांग्रेस के 68 में से 35 उम्मीदवार आपराधिक छवि के हैं। सीपीआईएम के 18 में से 14 उम्मीदवार, सीपीआई के 5 उम्मीदवार, सपा के 4, शिवसेना के तीन में से दो उम्मीदवार, शिवसेना (यूबीटी) के चार में से दो और जेडीयू के पांच में से दो उम्मीदवार दागी हैं।

People's Reporter
By People's Reporter

Latest Posts