लॉस एंजिल्स में अवैध प्रवासियों के समर्थन में प्रदर्शन हुआ हिंसक, सड़कों पर आगजनी, प्रदर्शनकारियों ने मेक्सिको का झंडा लहराया, ट्रम्प बोले- शहर पर कब्जा कर लिया

लॉस एंजिल्स। अमेरिका के लॉस एंजिल्स शहर में अवैध प्रवासियों पर कार्रवाई के विरोध में शुरू हुआ प्रदर्शन अब हिंसक रूप ले चुका है। लगातार तीन दिन से सड़कों पर प्रदर्शनकारी मौजूद हैं, लेकिन रविवार को हालात उस वक्त बिगड़ गए जब भीड़ ने सैकड़ों गाड़ियों में आग लगा दी। पुलिस पर पथराव किया और सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाया।
कारों और सड़कों पर आग, अमेरिकी झंडे जलाए
रविवार देर रात (भारतीय समयानुसार), प्रदर्शनकारियों ने शहर की कई प्रमुख सड़कों पर आगजनी की घटनाएं अंजाम दीं। कुछ प्रदर्शनकारी मेक्सिको का झंडा लहराते और अमेरिकी झंडे पर थूकते व उसे जलाते हुए भी देखे गए।- मेट्रोपॉलिटन डिटेंशन सेंटर के बाहर जुटे प्रदर्शनकारियों ने पुलिस की कई गाड़ियों में आग लगाई।
- नारे लगे : 'गो होम', 'शेम', 'ICE लॉस एंजिल्स से बाहर जाओ'।
- एक व्यक्ति कार की छत पर चढ़कर मेक्सिको का झंडा लहराता दिखा।
2000 नेशनल गार्ड्स तैनात, गवर्नर और मेयर ने जताया विरोध
- स्थिति काबू से बाहर होता देख राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने लॉस एंजिल्स में 2000 नेशनल गार्ड्स तैनात करने का आदेश दिया। यह पहली बार हुआ है जब किसी राज्य में गवर्नर की अनुमति के बिना नेशनल गार्ड भेजे गए।
- कैलिफोर्निया के गवर्नर गैविन न्यूसम और लॉस एंजिल्स की मेयर कैरेन बैस ने इस कदम का विरोध किया है।
- ट्रम्प ने X (पूर्व में ट्विटर) पर लिखा- शहर पर अवैध प्रवासियों का कब्ज़ा है। इसे जल्द आजाद कराया जाएगा।












