Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

Peoples Update Special :महाकाल लोक फिर निखरेगा, स्टोन एवं मेटल की लगेंगीं 99 मूर्तियां

उज्जैन के महाकाल लोक को और संवारने की तैयारी है। अब महाकाल लोक में अब गणेश, हनुमान, पार्वती, भैरव एवं विक्रमादित्य सहित शिव बारात और समुद्र मंथन के दृश्य भी नजर आएंगे।
महाकाल लोक फिर निखरेगा, स्टोन एवं मेटल की लगेंगीं 99 मूर्तियां
AI जनरेटेड सारांश
    यह सारांश आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस द्वारा तैयार किया गया है और हमारी टीम द्वारा रिव्यू की गई है।

    राजीव सोनी,भोपाल। सरकार ने सिंहस्थ महाकुंभ 2028 के पहले महाकाल लोक को नए सिरे सजाने-संवारने की तैयारी की है। पूरे परिसर में अब अयोध्या और काशी कॉरिडोर की तर्ज पर गुलाबी-सफेद सेंड स्टोन और मेटल की 99 विशाल मूर्तियां लगाई जाएंगी। शासन ने इस प्रोजेक्ट के लिए 71 करोड़ रुपए का बजट मंजूर कर उच्च स्तरीय कमेटी का गठन कर दिया है।

    रिप्लेस की जाएंगी FRP की मूर्तियां

    महाकाल लोक में महादेव, सप्तऋषि, भगवती, गणेश, हनुमान, गरुण, सरस्वती, पार्वती, दत्तात्रेय, आस्था भैरव, द्वारपाल और विशाल सिंह की 20 फीट तक ऊंची मूर्ति निर्माण के लिए इस सप्ताह देश-विदेश के शिल्पकारों से निविदा बुलाई जा रही हैं। महाकाल लोक निर्माण के समय फाइबर रेनफोर्स प्लास्टिक (FRP) की मूर्तियां लगाई गई थीं। लेकिन ढाई साल पहले तेज आंधी के दौरान ये क्षतिग्रस्त हो गई थीं। इसलिए अब इन सभी मूर्तियों को मेटल और सेंडस्टोन की ठोस मूर्तियों से रिप्लेस करने का निर्णय लिया गया है। इन मूर्तियों के साथ शिव बारात, समुद्र मंथन के अलावा भगवान विष्णु के मोहिनी अवतार की लीला का प्रसंग भी पत्थर और मेटल में साकार किया जाएगा।

    सैकड़ों वर्ष तक सुरक्षित रहेंगीं मूर्तियां

    शासन ने सैकड़ों वर्ष तक सुरक्षित रखे जाने के लिए सेंडस्टोन और मेटल (ब्रांज) की मूर्तियां कांक्रीट के पेडस्टल पर मजबूत पकड़ के साथ स्थापित करने का निर्णय लिया है। इस सप्ताह टेंडर जारी करने की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। अगले 2 साल के भीतर सभी मूर्तियों को नए सिरे से स्थापित किया जाएगा। पर्यटन विभाग के अफसरों का कहना है कि अयोध्या धाम कॉरिडोर में इस तरह की भव्य-आकर्षक मूर्तियां लगाई गई हैं।

    समिति तय करेगी मूर्तियों का स्वरूप 

    सप्तऋषियों के चेहरे, आकार और देवी-देवताओं की मुख-मुद्रा सहित समुद्र मंथन और शिव बारात का स्वरूप विशेषज्ञों की समिति से फायनल कराया जाएगा। इसके लिए देश के नामी-गिरामी शिल्पकारों से निविदाएं आमंत्रित की जा रही हैं।

    महाकाल लोक और आकर्षक बनाने की तैयारी है

    इस संबंध में धर्मस्व पर्यटन और संस्कृति मंत्री धर्मेंद्र लोधी का कहना है कि महाकाल लोक की भव्यता और दिव्यता को और आकर्षक बनाने की तैयारी है। सिंहस्थ महाकुंभ के लिए व्यापक स्तर पर तैयारियां चल रही है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के निर्देशानुसार यह कार्य समय सीमा में पूर्ण करने को कहा गया है। 

    Naresh Bhagoria
    By Naresh Bhagoria

    नरेश भगोरिया। 27 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हूं। माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता विश्ववि...Read More

    Latest Posts