PlayBreaking News

मुंबई फिल्म सिटी में ‘अनुपमा’ के सेट पर लगी भीषण आग, बाल-बाल बचे कलाकार; AICWA ने CM से की जांच की मांग

Follow on Google News
मुंबई फिल्म सिटी में ‘अनुपमा’ के सेट पर लगी भीषण आग, बाल-बाल बचे कलाकार; AICWA ने CM से की जांच की मांग

मुंबई। गोरेगांव स्थित फिल्म सिटी में सोमवार सुबह लोकप्रिय टीवी सीरियल ‘अनुपमा’ के सेट पर भीषण आग लग गई। यह हादसा सुबह करीब 5 बजे हुआ, जब सेट पर शूटिंग की तैयारी चल रही थी। घटना के समय कलाकारों की शिफ्ट शुरू नहीं हुई थी, इसलिए कोई जनहानि नहीं हुई। लेकिन सेट को भारी नुकसान हुआ है और लाखों-करोड़ों की संपत्ति जलकर राख हो गई।

आग लगते ही मची अफरा-तफरी

जैसे ही सेट पर मौजूद कर्मचारियों ने धुआं उठते देखा, तुरंत फायर ब्रिगेड को सूचना दी गई। कुछ ही देर में पांच दमकल गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग पर काबू पाने की कोशिश शुरू कर दी। फायर ब्रिगेड की मुस्तैदी से आसपास के सेट आग की चपेट में आने से बच गए।

हादसे के वक्त मौजूद नहीं थे कलाकार

घटना सुबह 5 बजे के आसपास हुई, जबकि शूटिंग की शिफ्ट सुबह 7 बजे शुरू होनी थी। इस कारण सेट पर उस वक्त केवल सिक्योरिटी स्टाफ और कुछ तकनीकी कर्मचारी मौजूद थे। शूटिंग शुरू हो जाती, तो हादसा और भयावह हो सकता था।

आग की वजह का अब तक नहीं चला पता

हालांकि आग लगने के कारणों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन शुरुआती आशंका शॉर्ट सर्किट की जताई जा रही है। प्रशासन और पुलिस की टीमें मौके पर पहुंचकर जांच में जुटी हैं।

AICWA ने उठाई जांच की मांग

घटना के बाद ऑल इंडिया सिने वर्कर्स एसोसिएशन (AICWA) ने घटना को लेकर सख्त रुख अपनाया है। एसोसिएशन ने महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री से उच्च स्तरीय न्यायिक जांच की मांग की है। उन्होंने फिल्म सिटी के प्रबंध निदेशक और श्रम आयुक्त को तत्काल निलंबित करने की मांग की है।

AICWA ने आरोप लगाया है कि प्रोडक्शन हाउस और फिल्म सिटी प्रबंधन बार-बार अग्नि सुरक्षा नियमों की अनदेखी कर रहे हैं, जिससे हजारों कलाकारों और श्रमिकों की जान खतरे में पड़ जाती है।

AICWA का बड़ा दावा – हो सकता है बीमा घोटाला

AICWA ने आशंका जताई है कि यह आग जानबूझकर भी लगाई जा सकती है, ताकि बीमा का झूठा दावा किया जा सके। उन्होंने कहा कि अगर कोई हताहत हुआ है, तो उसे छिपाया जा सकता है ताकि कानूनी कार्रवाई से बचा जा सके। उन्होंने FIR दर्ज करने की भी मांग की है।

टीवी इंडस्ट्री में पहले भी हो चुके हैं ऐसे हादसे

यह पहली बार नहीं है जब टीवी इंडस्ट्री में इस तरह की लापरवाही देखने को मिली है। 2023 में भी स्टार प्लस के शो ‘गुम है किसी के प्यार में’ के सेट पर आग लगी थी और पूरा सेट जलकर राख हो गया था। ‘अनुपमा’ के ही दूसरे सेट पर पहले एक कैमरा असिस्टेंट की करंट लगने से मौत भी हो चुकी है।

AICWA की मांग- ब्लैकलिस्ट किया जाए…

AICWA अध्यक्ष सुरेश श्यामलाल गुप्ता ने कहा कि फिल्म स्टूडियो और प्रोडक्शन हाउस अग्नि सुरक्षा के प्रति बेहद लापरवाह हैं। उन्होंने मांग की है कि, हर फिल्म सेट का फायर ऑडिट हो और सुरक्षा मानकों का उल्लंघन करने वालों को ब्लैकलिस्ट किया जाए। उन्होंने यह भी कहा कि, अब किसी और आपदा का इंतजार नहीं किया जाना चाहिए।

Manisha Dhanwani
By Manisha Dhanwani

मनीषा धनवानी | जागरण लेकसिटी यूनिवर्सिटी से BJMC | 6 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव में सब-एडिटर, एंकर, ...Read More

नई दिल्ली
--°
बारिश: -- mmह्यूमिडिटी: --%हवा: --
Source:AccuWeather
icon

Latest Posts