शिवपुरी में निर्माणाधीन मॉल की तीसरी मंजिल की छत गिरी, चार मजदूर घायल, पाइप स्लिप होने से हुआ हादसा

शिवपुरी। मध्य प्रदेश के शिवपुरी जिले में शुक्रवार दोपहर एक बड़ा हादसा हो गया। निर्माणाधीन मॉल की तीसरी मंजिल की छत अचानक गिर गई। इस हादसे में चार मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें तत्काल मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया। गनीमत रही कि किसी की जान नहीं गई। घटना शहर के कोतवाली थाना क्षेत्र स्थित ठकुरपुरा की है, जहां थीम रोड पर मॉल का निर्माण कार्य चल रहा था।
मॉल का निर्माण शहर के व्यापारी महेंद्र गोयल द्वारा करवाया जा रहा है। निर्माण कार्य की जिम्मेदारी ठेकेदार दीपक गुप्ता के पास थी, जिन्होंने हादसे को लेकर कहा कि “निर्माण में पूरी सावधानी बरती जा रही थी। लकड़ी की बजाय लोहे के मजबूत पाइपों का इस्तेमाल किया गया था। लेकिन छत डालने के बाद एक पाइप स्लिप हो गया, जिससे पूरी छत नीचे गिर गई।”
ठेकेदार ने यह भी कहा कि हादसा निर्माण प्रक्रिया पूरी होने के बाद हुआ, जब कंक्रीट की छत पर लोड पड़ा और सपोर्टिंग पाइप हट गया।


सपोर्टिंग पाइप हटने से हुआ हादसा









