X Money एप लॉन्च:अब X ऐप से कर सकेंगे पैसे ट्रांसफर, शुरू हुई बैंकिंग और पेमेंट सर्विस

एलन मस्क ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X को सुपर ऐप बनाने की दिशा में एक बड़ा कदम उठाया है। कंपनी ने X Money नाम से नई डिजिटल पेमेंट और बैंकिंग सर्विस लॉन्च की है। इस सर्विस की मदद से यूजर्स एक ही ऐप पर पैसे भेजने, बिल भरने और बैंकिंग से जुड़े कई काम आसानी से कर सकेंगे। फिलहाल यह सुविधा सिर्फ अमेरिका में X प्रीमियम और प्रीमियम प्लस सब्सक्राइबर्स के लिए शुरू की गई है।
क्या है X Money?
X Money, X ऐप के अंदर ही मिलने वाली डिजिटल पेमेंट और बैंकिंग सर्विस है। इसका मकसद सोशल मीडिया और बैंकिंग सेवाओं को एक ही प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध कराना है। यानी यूजर्स को अलग-अलग ऐप इस्तेमाल करने की जरूरत नहीं पड़ेगी। वे X ऐप से ही पैसे भेजने, भुगतान करने और दूसरी वित्तीय सेवाओं का लाभ ले सकेंगे।
यूजर्स को मिलेंगी ये सुविधाएं।
X Money के जरिए यूजर्स कई तरह की बैंकिंग सुविधाओं का इस्तेमाल कर पाएंगे। इसमें दूसरे X यूजर्स को बिना ट्रांसफर फीस के पैसे भेजने की सुविधा मिलेगी। इसके अलावा बिल पेमेंट, डायरेक्ट डिपॉजिट, वायर ट्रांसफर और जरूरत पड़ने पर फिजिकल चेक भेजने का विकल्प भी मिलेगा। कंपनी यूजर्स को एक Visa डेबिट कार्ड भी देगी। इस कार्ड पर यूजर का X हैंडल लिखा होगा। कंपनी का दावा है कि इस कार्ड से खरीदारी करने पर 3 प्रतिशत तक कैशबैक मिलेगा। साथ ही जमा राशि पर सालाना 6 प्रतिशत तक ब्याज (एपीवाई) का लाभ भी दिया जा सकता है।
ये भी पढ़ें: Google Pixel 11 Series होगी महंगी, RAM संकट का असर; 12 अगस्त लॉन्च से पहले कंपनी ने कीमत बढ़ाने के दिए संकेत
X Money कैसे करेगा काम?
X Money खुद कोई बैंक नहीं है। यूजर्स का पैसा अमेरिका के न्यू जर्सी स्थित क्रॉस रिवर बैंक में रखा जाएगा। यह बैंक FDIC के नियमों के तहत काम करता है। इसके कारण पात्र खातों में जमा राशि पर 2,50,000 डॉलर तक का बीमा मिलेगा। कंपनी का X कैश स्वीप प्रोग्राम ग्राहकों ग्राहकों की जमा राशि को जरूरत के अनुसार अलग-अलग पार्टनर बैंकों में रखेगा। वहीं, तेज और सुरक्षित ट्रांसफर के लिए वीजा डायरेक्ट तकनीक का इस्तेमाल किया गया है। इससे बैंक अकाउंट और डेबिट कार्ड के बीच पैसे जल्दी ट्रांसफर हो सकेंगे।
सुरक्षा का भी रखा गया है ध्यान
X Money में सुरक्षा के लिए पासवर्ड की जगह पासकी का ऑप्शन दिया गया है। यूजर्स फिंगरप्रिंट, फेस रिकग्निशन या डिवाइस पिन की मदद से लॉगिन कर सकेंगे। इसके अलावा ट्रांजैक्शन लिमिट तय करने और कुछ पेमेंट के लिए अतिरिक्त वेरिफिकेशन जैसी सुविधाएं भी दी गई हैं, ताकि लेनदेन अधिक सुरक्षित रहे।
ये भी पढ़ें: Swiggy Instamart में बड़ा बदलाव : CEO अमितेश झा ने दिया इस्तीफा, 3 अगस्त से नंदिता सिन्हा संभालेंगी कमान
भारत में कब आएगी X Money?
फिलहाल X Money केवल अमेरिका में उपलब्ध है और इसका इस्तेमाल सिर्फ X प्रीमियम और प्रीमियम प्लस सब्सक्राइबर्स कर सकते हैं। कंपनी ने अभी भारत में इसकी लॉन्चिंग की कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की है। हालांकि, एलन मस्क पहले ही संकेत दे चुके हैं कि भविष्य में इस सर्विस को दूसरे देशों में भी शुरू किया जाएगा। अगर X Money भारत में लॉन्च होती है, तो इसका मुकाबला गूगल पे, फोन पे, व्हाट्सएप पे और दूसरी डिजिटल पेमेंट सेवाओं से होगा। फिलहाल भारतीय यूजर्स को इसके लिए कंपनी की आधिकारिक घोषणा का इंतजार करना होगा।












