
इंदौर। भोपाल में अवैध रूप से चल रहे बाल आश्रम में बच्चों के गुम होने की घटना के बाद अब इंदौर में भी ऐसा ही मामला सामने आया है। यहां जिला प्रशासन द्वारा शुक्रवार देर रात शहर के विजयनगर थाना स्थित स्कीम नंबर 74 में बिना दस्तावेज और अवैध रूप से चल रहे आश्रम पर कार्रवाई कर उसे सील कर दिया गया है।
यह आश्रम वात्सल्यपुरम बाल आश्रम संस्था के नाम से तीन साल से संचालित किया जा रहा था। कार्रवाई के दौरान कई कमियां मिलीं, जिसके बाद देर रात जिला प्रशासन की टीम के साथ पुलिस बल पहुंचा और आश्रम को सील कर दिया गया। वहीं, आश्रम में रह रही 21 बालिकाओं को मुरई मोहल्ला स्थित शासकीय बालिका आश्रम भेजा गया है। सभी बालिकाओं की उम्र 7 से 15 वर्ष बताई जा रही है।
रिकॉर्ड में थीं 25 बालिकाएं, 21 मिलीं
शुक्रवार देर रात जब जिला प्रशासन टीम मौके पर पहुंची तो वहां कुछ केयरटेकर भी मौजूद थे। वह संस्था के पंजीयन संबंधित कोई भी दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर पाए। संस्था के रिकॉर्ड में 25 बालिकाओं की जानकारी मौजूद थी, लेकिन जब टीम ने जांच की तो मौके पर 21 बालिकाएं मिलीं, जांच के दौरान आश्रम संचालक ने बताया कि एक बालिका बीमार होने के कारण अपने परिजनों के पास घर गई है। वहीं, कुछ बालिकाओं को फोन लगाने पर उनके परिजनों ने फोन नहीं उठाया जो की शंका के दायरे में है। जिस कारण जिला प्रशासन अब आगे की जांच में जुट गया है।
शहर के अन्य आश्रम भी घेरे में, होगी जांच
बाल आश्रम संचालित करने वाली संस्थाओं को जुवेनाइल जस्टिस एक्ट की धारा 41 के तहत पंजीयन करवाना होता है और जितने भी बच्चे आश्रम में रहते हैं, उसकी जानकारी समय-समय पर महिला बाल विकास बाल कल्याण और पुलिस को देनी होती है। लेकिन, बाल आश्रम संचालित करने वाली संस्था द्वारा यह जानकारी इन सभी विभागों को दी गई थी या नहीं इसकी भी जांच की जा रही है। वहीं, राजधानी भोपाल में मामला सामने आने के बाद पुलिस द्वारा इस पूरे मामले को गंभीरता से लिया जा रहा है। जिला प्रशासन लगातार शहर के अन्य आश्रमों में भी जांच-पड़ताल कर उन्हें भी घेरे में जल्द ले रही है।
(इनपुट- हेमंत नागले)
ये भी पढ़ें- इंदौर : छावनी अनाज मंडी में आया सरकारी गेहूं, MIC मेंबर ने पकड़ा, लोडिंग ऑटो से बेचने पहुंचे थे
One Comment