
लखनऊ। उत्तर प्रदेश पुलिस को नया मुखिया मिल गया है। योगी आदित्यनाथ सरकार ने 1991 बैच के आईपीएस अधिकारी राजीव कृष्ण को राज्य का नया पुलिस महानिदेशक (DGP) नियुक्त किया है। वे इससे पहले डीजी विजिलेंस और उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड के अध्यक्ष के रूप में कार्यरत थे।
अपराध नियंत्रण में बेहतरीन रिकॉर्ड
राजीव कृष्ण का नाम यूपी के सबसे कुशल और भरोसेमंद आईपीएस अधिकारियों में गिना जाता है। ऑपरेशन पहचान ऐप के जरिए अपराधियों की पहचान और निगरानी में उन्होंने उल्लेखनीय भूमिका निभाई। ई-मालखाना और मुकदमों के ऑनलाइन रिकॉर्ड जैसी कई डिजिटल पहलों की शुरुआत का श्रेय भी उन्हें जाता है।
इंजीनियर से डीजीपी तक का सफर
राजीव कृष्ण का जन्म 20 जून 1969 को हुआ था। उन्होंने इलेक्ट्रॉनिक्स एंड कम्युनिकेशन इंजीनियरिंग में स्नातक किया और इसके बाद यूपीएससी की तैयारी शुरू की। 1991 में उन्होंने आईपीएस सेवा जॉइन की। 1993 में पुलिस सेवा ज्वॉइन करने के बाद वे डीआईजी (2007), आईजी (2010), एडीजी (2016) और डीजी (2024) पदों पर पदोन्नत हुए।