Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

T20 World Cup : बॉलर्स के कमाल के बाद बेनेट की नाबाद पारी से जिम्बाब्वे ने ओमान को हराया

जिम्बाब्वे ने T20 World Cup में ओमान को आठ विकेट से हरा दिया। मैच में ब्रायन बेनेट की 48 रनों की शानदार पारी रही, वहीं गेंदबाजों ने भी ओमान को 103 रन पर रोक दिया था।
बॉलर्स के कमाल के बाद बेनेट की नाबाद पारी से जिम्बाब्वे ने ओमान को हराया
AI जनरेटेड सारांश
    यह सारांश आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस द्वारा तैयार किया गया है और हमारी टीम द्वारा रिव्यू की गई है।

    स्पोर्ट्स डेस्क। आईसीसी टी20 विश्व कप ग्रुप-बी मुकाबले में जिम्बाब्वे ने ओमान को आठ विकेट से करारी शिकस्त दी। कप्तान सिकंदर रजा के टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने के फैसले को ब्लेसिंग मुजरबानी और रिचर्ड नगारवा ने पूरी तरह सही साबित किया। मुजरबानी ने चार ओवर में 16 रन देकर तीन विकेट लिए, जबकि नगारवा ने चार ओवर में 17 रन देकर तीन विकेट झटके। इसके अलावा ब्रैंड इवांस ने 3.5 ओवर में 18 रन देकर तीन विकेट लेकर ओमान की पारी को समेट दिया।

    ओमान की पारी लड़खड़ाई 

    ओमान की शुरुआत बेहद खराब रही और टीम ने सिर्फ 27 रन पर अपने पांच विकेट गंवा दिए। पावरप्ले के बाद गेंदबाजी करने आए सिकंदर रजा ने वसीम अली (3) को बोल्ड कर ओमान को और संकट में डाल दिया। हालांकि इसके बाद विनायक शुक्ला (21 गेंद में 28 रन) और सूफियान महमूद (39 गेंद में 25 रन) ने छठे विकेट के लिए 42 रन की साझेदारी कर पारी को संभालने की कोशिश की। नगारवा ने विनायक को विकेटकीपर ब्रेंडन टेलर के हाथों कैच कराकर इस साझेदारी को तोड़ा। बाद में इवांस ने सूफियान को डीप स्क्वायर लेग पर कैच आउट कराया। नदीम खान (18 गेंद में 20 रन) ने निचले क्रम में कुछ बड़े शॉट लगाकर ओमान को 100 रन के पार पहुंचाया और टीम 103 रन पर ऑलआउट हुई।

    जिम्बाब्वे की तेज शुरुआत

    103 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए जिम्बाब्वे ने तेज शुरुआत की। सलामी बल्लेबाज तादिवांशे मारुमनी ने 11 गेंदों में 21 रन बनाए, लेकिन सूफियान महमूद की गेंद पर वसीम अली ने शानदार कैच लेकर उन्हें आउट किया। इसी ओवर में महमूद ने डियोन मायर्स को खाता खोले बिना पवेलियन भेज दिया। दो विकेट जल्दी गिरने के बावजूद जिम्बाब्वे की टीम पर कोई खास दबाव नहीं आया।

    ब्रायन बेनेट की नाबाद पारी से आसान जीत

    इसके बाद ब्रायन बेनेट और अनुभवी विकेटकीपर ब्रेंडन टेलर ने तीसरे विकेट के लिए 68 रन की साझेदारी कर टीम को जीत के करीब पहुंचा दिया। बेनेट ने 36 गेंदों में नाबाद 48 रन की शानदार पारी खेली, जबकि टेलर ने 30 गेंदों में 31 रन बनाए और रिटायर्ड हर्ट हुए। जिम्बाब्वे ने 13.3 ओवर में दो विकेट गंवाकर 106 रन बनाते हुए 45 गेंद शेष रहते मुकाबला अपने नाम कर लिया। इस जीत के साथ जिम्बाब्वे ने टूर्नामेंट में मजबूत शुरुआत की और अपने इरादे साफ कर दिए। 

    Naresh Bhagoria
    By Naresh Bhagoria

    नरेश भगोरिया। 27 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हूं। माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता विश्ववि...Read More

    Latest Posts