Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

India vs Pakistan: आज होगा हाई-वोल्टेज मैच, स्मृति-दीप्ति पर रहेंगी सबकी नजरें, कौन मारेगा बाजी

Women’s Asia Cup 2026 में आज भारत और पाकिस्तान की महिला टीमें आमने-सामने होंगी। भारत पहले ही सेमीफाइनल में पहुंच चुका है, जबकि पाकिस्तान के लिए मुकाबला बेहद अहम है। जानिए मैच का समय, दोनों टीमों का रिकॉर्ड, स्मृति मंधाना और दीप्ति शर्मा का प्रदर्शन, दुबई की पिच, मौसम और हरमनप्रीत कौर के खास रिकॉर्ड से जुड़ी पूरी जानकारी।
India vs Pakistan: आज होगा हाई-वोल्टेज मैच, स्मृति-दीप्ति पर रहेंगी सबकी नजरें, कौन मारेगा बाजी
Women’s Asia Cup 2026 में आज भारत और पाकिस्तान की महिला टीमें आमने-सामने होंगी।

भारत और पाकिस्तान की टीमें जब क्रिकेट मैदान पर आमने-सामने आती हैं, तो मुकाबला अपने आप खास बन जाता है। विमेंस एशिया कप 2026 में आज एक बार फिर दोनों टीमों के बीच हाई-वोल्टेज मैच होने वाला है। दुबई इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में होने वाला यह मुकाबला रात 8 बजे शुरू होगा। भारत पहले ही अपने दोनों मुकाबले जीतकर सेमीफाइनल में जगह बना चुका है। वहीं पाकिस्तान के लिए यह मैच बेहद अहम है, क्योंकि जीत उसे टॉप-4 में पहुंचा सकती है।

हरमनप्रीत के नाम दर्ज होगा बड़ा रिकॉर्ड

आज का मैच भारतीय कप्तान हरमनप्रीत कौर के लिए भी बेहद खास रहेगा। वह 150वीं बार टी-20 इंटरनेशनल में कप्तान के तौर पर मैदान पर उतरेंगी। ऐसा करने वाली वह दुनिया की पहली क्रिकेटर बन जाएंगी। टीम इंडिया भी शानदार फॉर्म में है और पिछले चार मुकाबलों से लगातार अजेय चल रही है। एशिया कप में पाकिस्तान के खिलाफ भी भारत का रिकॉर्ड काफी मजबूत रहा है।

भारत के सामने पाकिस्तान का रिकॉर्ड कमजोर

पाकिस्तान ने भारत को आखिरी बार अक्टूबर 2022 में एशिया कप के मुकाबले में हराया था। यह टी-20 एशिया कप में भारत के खिलाफ पाकिस्तान की अब तक की इकलौती जीत है। दोनों टीमों के बीच टी-20 इंटरनेशनल में 17 मुकाबले खेले गए हैं। इनमें भारत ने 14 मैच जीते हैं, जबकि पाकिस्तान के हिस्से सिर्फ 3 जीत आई हैं। एशिया कप में अब तक खेले 7 मुकाबलों में भी भारत का पलड़ा साफ तौर पर भारी रहा है।

ये भी पढ़ें: कर्ज वसूली के नाम पर महिला के कपड़े उतरवाए, VIDEO बनाया और दी वायरल करने की धमकी, चार गिरफ्तार

पाकिस्तान के लिए करो या आगे बढ़ो वाला मुकाबला

ग्रुप में भारत 4 अंकों के साथ पहले नंबर पर है, जबकि पाकिस्तान के पास 2 अंक हैं। अगर पाकिस्तान आज भारत को हरा देता है तो उसकी सेमीफाइनल की राह आसान हो जाएगी। वहीं हारने पर उसे अपने आखिरी लीग मैच में हॉन्गकॉन्ग के खिलाफ हर हाल में अच्छा प्रदर्शन करना होगा।

स्मृति और दीप्ति पर रहेंगी नजरें

भारत की ओर से बल्लेबाजी में स्मृति मंधाना शानदार फॉर्म में हैं। उन्होंने दो मैचों में 143 रन बनाए हैं और उनका स्ट्राइक रेट 193.24 रहा है। पिछले मुकाबले में उन्होंने 124 रन की धमाकेदार पारी खेली थी। गेंदबाजी में दीप्ति शर्मा टीम की सबसे बड़ी ताकत बनी हुई हैं। उन्होंने दो मैचों में 6 विकेट लिए हैं और सिर्फ 2.16 की इकोनॉमी से रन दिए हैं। थाईलैंड के खिलाफ पहले मैच में उन्होंने बिना कोई रन दिए 3 विकेट झटके थे।

पाकिस्तान की इन खिलाड़ियों से खतरा

पाकिस्तान की तरफ से मुनीबा अली और सादिया इकबाल पर नजर रहेगी। मुनीबा ने अपने इकलौते मुकाबले में 54 रन बनाए हैं। वहीं सादिया ने थाईलैंड के खिलाफ 3 विकेट लेकर अपनी गेंदबाजी का दम दिखाया था।

ये भी पढ़ें: UGC NET री-एग्जाम का एडमिट कार्ड जारी, जानें कब और किस शिफ्ट में होगी परीक्षा

दुबई की पिच पर स्पिन का बोलबाला

टूर्नामेंट में अब तक दुबई की पिच से स्पिन गेंदबाजों को अच्छी मदद मिली है। स्पिनर्स ने करीब 5.1 की इकोनॉमी से रन खर्च करते हुए 71 विकेट लिए हैं, जबकि तेज गेंदबाजों को 31 विकेट मिले हैं। टूर्नामेंट के शुरुआती 7 मैचों में 6 बार टॉस जीतने वाली टीम ने पहले गेंदबाजी चुनी है। अब तक सिर्फ भारत ही 150 से ज्यादा का स्कोर बना पाया है। ऐसे में आज भी टॉस और शुरुआती ओवर काफी अहम रहने वाले हैं।

गर्मी भी बनेगी खिलाड़ियों की परीक्षा

दुबई में मैच शुरू होने के समय तापमान करीब 37 डिग्री रहने का अनुमान है। मैच के दौरान गर्मी कम होने की संभावना भी ज्यादा नहीं है। स्मृति मंधाना पहले ही दुबई की परिस्थितियों को काफी गर्म बताते हुए इसकी तुलना 'स्टीम बॉक्स' से कर चुकी हैं। यानी आज मैदान पर सिर्फ भारत-पाकिस्तान की टक्कर नहीं होगी, बल्कि गर्मी, स्पिन और दबाव-तीनों की परीक्षा भी देखने को मिलेगी।

Dolly Wasvani
By Dolly Wasvani

डोली वासवानी | People’s Institute of Media Studies से BAMC Student। पत्रकारिता की दुनिया में नई शुरु...Read More

Latest Posts