सोहागपुर में नगर परिषद की कार्रवाई, अवैध होर्डिंग हटाए

सोहागपुर। कार्रवाई के दौरान लिफ्टर मशीन की मदद से एसडीएम कार्यालय से सटी दीवार के किनारे लगी चार फ्रेमों से दर्जनभर फ्लेक्स हटाए गए। बाजार क्षेत्र में बिना अनुमति लगाए गए अन्य होर्डिंग और प्रचार सामग्री को भी हटाया गया।
मई में भी हुई थी कार्रवाई
नगर परिषद द्वारा इससे पहले मई महीने के अंतिम सप्ताह में भी शहर में अवैध होर्डिंग और फ्लेक्स के खिलाफ कार्रवाई की गई थी। उस समय कुछ दिनों तक निर्धारित स्थानों पर फ्लेक्स-बैनर नहीं लगाए गए, लेकिन बाद में स्थिति फिर पुराने ढर्रे पर लौट गई, जिसके बाद परिषद ने दोबारा कार्रवाई शुरू की है।
ये भी पढ़ें: सोहागपुर के अभय बैरागी लगातार दूसरी बार बने जिला शतरंज चैंपियन, महाविद्यालय का बढ़ाया गौरव
बिना अनुमति फ्लेक्स-होर्डिंग लगाने पर होगी कार्रवाई
सीएमओ धर्मेंद्र शर्मा ने स्पष्ट किया है कि शहर में किसी भी स्थान पर फ्लेक्स, होर्डिंग, बैनर या अन्य विज्ञापन सामग्री लगाने से पहले नगर परिषद से औपचारिक अनुमति लेना अनिवार्य होगा। निर्धारित नियमों के अनुसार परिषद में शुल्क या किराया भी जमा करना होगा और बिना अनुमति या नियमों का उल्लंघन कर प्रचार सामग्री लगाने वालों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
दीवारों और बिजली के खंभों पर प्रचार सामग्री लगाने की अपील
नगर परिषद के अनुसार शहर की दीवारों और बिजली के खंभों पर बिना अनुमति प्रचार सामग्री चस्पा करने से शहर की सुंदरता प्रभावित होती है और परिषद को राजस्व का भी नुकसान होता है। परिषद ने व्यापारियों, संस्थाओं और राजनीतिक दलों से अपील की है कि वे शहर को स्वच्छ और व्यवस्थित बनाए रखने में सहयोग करें तथा निर्धारित स्थानों पर अनुमति लेकर ही प्रचार सामग्री लगाएं।




















