सोहागपुर में डोल ग्यारस भजन प्रतियोगिता का समापन, सोनतलाई के श्री शारदा मंडल ने जीता प्रथम पुरस्कार
सोहागपुर। डोल ग्यारस महोत्सव के तहत आयोजित विशाल इनामी भजन प्रतियोगिता का गुरुवार को पुरस्कार वितरण समारोह के साथ समापन हुआ। प्रतियोगिता में सोनतलाई के श्री शारदा मंडल ने सभी राउंड में शानदार भजन प्रस्तुत कर प्रथम स्थान हासिल किया। मंडल को समिति की ओर से 30,101 रुपये का प्रथम पुरस्कार प्रदान किया गया। प्रतियोगिता में शामिल सभी भजन मंडलियों ने अपनी प्रस्तुतियों से श्रद्धालुओं का मन मोहा। अलग-अलग राउंड में मंडलियों के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिला। प्रस्तुतियों का स्तर अच्छा होने के कारण निर्णायकों के लिए विजेताओं का चयन भी चुनौतीपूर्ण रहा।
तीन मंडलियों को संयुक्त रूप से मिला दूसरा पुरस्कार
प्रतियोगिता में 20,001 रुपये का द्वितीय पुरस्कार तीन मंडलियों को संयुक्त रूप से दिया गया। इसमें श्री राम मंडल सिटिया गोहना, श्री श्रद्धा मंडल भोपाल और श्री हरि भजन मंडल रढाल शामिल रहे। समिति के सदस्य गजेंद्र सिंह चौधरी ने बताया कि प्रतियोगिता में तृतीय पुरस्कार भी तीन मंडलियों को संयुक्त रूप से प्रदान किया गया। 15,101 रुपये का यह पुरस्कार श्री सुदर्शन मंडल राम मंदिर सिलपटी, श्री ठाकुर मंडल हिंगनासुर और श्री श्याम मंडल गोपालपुर को मिला। इसके अलावा श्री नवनीत मंडल बांसखापा, श्री कृष्ण मंडल नगतरा और श्री बाल कृष्ण मंडल ठीकरी को सांत्वना पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
ये भी पढ़ें: सीहोर: पुलिस की बैंक अधिकारियों के साथ बैठक, बैंक स्टाफ साइबर फ्रॉड से रहे सतर्क
मनीष डांस ग्रुप की प्रस्तुतियों ने बांधा समां
पुरस्कार वितरण कार्यक्रम के दौरान गाडरवारा के मनीष डांस ग्रुप के कलाकारों ने धार्मिक और सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। कलाकारों ने भगवान श्रीकृष्ण की बाल लीलाओं और राधा-कृष्ण से जुड़े प्रसंगों पर आधारित नृत्य प्रस्तुत कर दर्शकों की खूब सराहना बटोरी। प्रस्तुतियों में कालिया नाग मर्दन, श्री राधा-कृष्ण रास, माता यशोदा और भगवान श्रीकृष्ण के बाल स्वरूप से जुड़े प्रसंगों को नृत्य के माध्यम से प्रस्तुत किया गया। कार्यक्रम में मौजूद विधायक विजयपाल सिंह ने भी कलाकारों की प्रस्तुतियों की सराहना की।
बड़ी संख्या में श्रद्धालु कार्यक्रम में पहुंचे
पुरस्कार वितरण समारोह में नगर परिषद अध्यक्ष प्रतिनिधि यशवंत पटेल, डोल ग्यारस समिति अध्यक्ष चौधरी राजेन्द्र सिंह, वरिष्ठ समाजसेवी कन्नूलाल अग्रवाल, पूर्व नगर परिषद अध्यक्ष संतोष मालवीय, हरगोविंद पुर्विया, मंगल सिंह रघुवंशी, पुष्पराज सिंह पटेल, प्रकाश मुद्गल, संजय तिवारी, इंद्र कुमार दीवान, राजकुमार रघुवंशी, भूरा साहू, राकेश चौरसिया, राजेश चौधरी और नीरज चौधरी सहित कई लोग मौजूद रहे। कार्यक्रम में विभिन्न भजन मंडलियों के संचालक और अध्यक्षों के साथ बड़ी संख्या में श्रद्धालु भी शामिल हुए। पूरे आयोजन के दौरान धार्मिक और सांस्कृतिक माहौल बना रहा।
ये भी पढ़ें: सीहोर में सजेगा भक्ति और प्रतिभा का मंच, 2 हजार से ज्यादा बालिकाएं करेंगी गरबा; विजेताओं को मिलेंगे पुरस्कार
सफल आयोजन के लिए समिति ने जताया आभार
डोल ग्यारस महोत्सव के तहत आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों के सफल समापन पर आयोजन समिति की ओर से राकेश चौधरी ने सभी सहयोगियों का आभार जताया। उन्होंने आयोजन में प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से सहयोग करने वाले सभी लोगों, भजन मंडलियों, कलाकारों और श्रद्धालुओं को धन्यवाद दिया। समिति ने आयोजन को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी लोगों के प्रति आभार व्यक्त किया।






















