Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

राहुल गांधी की जीभ काटने वाले को दूंगा 11 लाख का इनाम, शिवसेना विधायक का विवादित बयान

राहुल गांधी की जीभ काटने वाले को दूंगा 11 लाख का इनाम, शिवसेना विधायक का विवादित बयान
मुंबई। शिवसेना विधायक संजय गायकवाड़ ने एक विवादास्पद बयान देते हुए घोषणा की है कि वह कांग्रेस नेता राहुल गांधी की जीभ काटने वाले व्यक्ति को 11 लाख रुपए का इनाम देंगे। शिवसेना विधायक ने यह बयान राहुल गांधी की ओर से अमेरिका यात्रा के दौरान BJP-RSS, सिख समुदाय और आरक्षण व्यवस्था पर की गई हालिया टिप्पणियों के जवाब में दिया है। वहीं भाजपा की महाराष्ट्र इकाई के अध्यक्ष चंद्रशेखर बावनकुले ने कहा कि वह शिवसेना विधायक की टिप्पणियों का समर्थन नहीं करते हैं। भाजपा राज्य में शिवसेना नीत सरकार में घटक दल है।

कांग्रेस का असली चेहरा उजागर

गायकवाड़ ने विवादास्पद बयान देने से पहले पत्रकारों से कहा, ‘‘राहुल गांधी ने विदेश में कहा कि वह भारत में आरक्षण व्यवस्था को खत्म करना चाहते हैं। इसने कांग्रेस का असली चेहरा उजागर कर दिया है।'' उन्होंने कहा, ‘‘अमेरिका की हालिया यात्रा पर राहुल गांधी ने आरक्षण खत्म करने के बारे में बात की। इस दौरान पर उन्होंने बीजेपी और RSS पर निशाना साधा था। यह उस मानसिकता को दर्शाता है जो स्वाभाविक रूप से आरक्षण का विरोध करती है। राहुल गांधी की जीभ काटने वाले व्यक्ति को मैं 11 लाख रुपये का इनाम दूंगा।'' शिवसेना विधायक ने कहा, ‘‘राहुल की टिप्पणियां लोगों के साथ सबसे बड़ा विश्वासघात हैं। मराठा, धनगर और ओबीसी जैसे समुदाय आरक्षण के लिए लड़ रहे हैं लेकिन उससे पहले ही राहुल आरक्षण के लाभ खत्म करने के बारे में बात कर रहे हैं।''

पहले भी विवादों में आए गायकवाड़

बता दें कि यह पहली बार नहीं है जब विदर्भ क्षेत्र में बुलढाणा विधानसभा सीट से विधायक गायकवाड़ विवादों में आए हैं। पिछले महीने एक पुलिसकर्मी के शिवसेना विधायक की कार धोते हुए वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया था। गायकवाड़ ने बाद में कहा था कि पुलिसकर्मी ने कार में उल्टी कर दी थी और बाद में अपनी मर्जी से गाड़ी साफ की थी। गायकवाड़ ने फरवरी में दावा किया था कि उन्होंने 1987 में एक बाघ का शिकार किया था और उसका दांत उन्होंने अपने गले में पहन रखा है। इसके तुरंत बाद राज्य के वन विभाग ने बाघ के कथित दांत को फॉरेंसिक जांच के लिए भेजा था तथा गायकवाड़ पर वन्यजीव संरक्षण कानून के तहत मामला दर्ज किया था। ये भी पढ़ें- राहुल गांधी को केंद्रीय मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू ने बताया ‘देश का नंबर-1 आतंकी’, अमेरिका में सिखों को लेकर दिए बयान को लेकर कही ये बात
Mithilesh Yadav
By Mithilesh Yadav

वर्तमान में पीपुल्स समाचार के डिजिटल विंग यानी 'पीपुल्स अपडेट' में बतौर सीनियर सब-एडिटर कार्यरत हूं।...

Latest Posts