Sheopur News : पत्थर खदान में डूबे दो छात्र, रेस्क्यू ऑपरेशन जारी, नहाते समय हुआ हादसा

श्योपुर। पत्थर खदान में नहाने के दौरान दो स्कूली छात्र डूब गए। प्रशासन और पुलिस की टीम मौके पर पहुंच गई है और रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है। ये हादसा विजयपुर थाना क्षेत्र के इकलौद गांव में मंगलवार सुबह 9 बजे करीब हुआ।
नहाने के दौरान हादसा
दरअसल, ये मामला विजयपुर थाना क्षेत्र के इकलौद गांव के पास का है, जहां सड़क निर्माण में लगे ठेकेदार द्वारा एक क्रेशर लगाया गया है। क्रेशर के पास स्थित पत्थर खदान करीब 40 से 50 फीट गहरी है, लेकिन इसके चारों ओर कोई सुरक्षा घेरा नहीं लगाया गया था। वहीं खदान में पानी भर जाने की वजह से यह स्थानीय लोगों के लिए आकर्षण का केंद्र बन गया है, जहां रोजाना कई लोग नहाने और सोशल मीडिया के लिए वीडियो बनाने पहुंचते हैं। मंगलवार को लगभग 100 स्कूली बच्चे भी यहां पहुंचे थे, तभी इकलौद गांव निवासी छात्र नीलेश जादौन और निखिल गौड़ गहरे पानी में डूब गए।












