Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

Seoni Fire Accident: सिवनी के छपारा में भीषण अग्निकांड, एक ही परिवार के 6 लोगों की मौत; 4 को सुरक्षित बचाया

मध्य प्रदेश के सिवनी जिले के छपारा में सोमवार सुबह भीषण अग्निकांड से हड़कंप मच गया। महावीर वार्ड स्थित सर्राफा व्यापारी कुंदन सोनी के मकान में सुबह करीब 4 बजे आग लगने से एक ही परिवार के 6 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि 4 लोगों को सुरक्षित बचा लिया गया।
Seoni Fire Accident: सिवनी के छपारा में भीषण अग्निकांड, एक ही परिवार के 6 लोगों की मौत; 4 को सुरक्षित बचाया

छपारा (सिवनी)। मध्य प्रदेश के सिवनी जिले के छपारा में सोमवार सुबह एक दर्दनाक अग्निकांड हो गया। महावीर वार्ड के जैन मोहल्ले में सर्राफा व्यापारी कुंदन सोनी के मकान में अचानक आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि घर में मौजूद लोगों को बाहर निकलने का मौका तक नहीं मिला। इस हादसे में एक ही परिवार के 6 लोगों की मौत हो गई, जबकि 4 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। घटना की खबर फैलते ही पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। हादसे के बाद छपारा समेत पूरे सिवनी जिले में शोक का माहौल है।

सुबह करीब 4 बजे मकान में लगी आग

जानकारी के मुताबिक, सोमवार 9 नवंबर 2026 की सुबह करीब 4 से 4:30 बजे छपारा थाना क्षेत्र के महावीर वार्ड क्रमांक-7 में जैन मंदिर के पास स्थित कुंदन सोनी के मकान में आग लग गई। बताया जा रहा है कि घटना के समय घर में परिवार के कुल 10 सदस्य मौजूद थे। आग लगने के बाद मकान में धुआं भर गया और देखते ही देखते आग ने घर के बड़े हिस्से को अपनी चपेट में ले लिया। आसपास के लोगों को घटना की जानकारी मिली तो उन्होंने मदद के लिए प्रयास शुरू किए। सूचना मिलने पर दमकल वाहन और एंबुलेंस भी मौके पर पहुंचीं।

एक ही परिवार के 6 लोगों की मौत

इस भीषण आग में परिवार के 6 सदस्यों की जान चली गई। मृतकों में बुजुर्गों से लेकर एक किशोर तक शामिल है। हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान इस प्रकार हुई है।

  • कुंदन लाल सोनी (75 वर्ष)

  • राजकुमारी सोनी (65 वर्ष)

  • ऋतु सोनी (42 वर्ष)

  • स्मृति सोनी (40 वर्ष)

  • सूर्या सोनी (45 वर्ष)

  • आदित्य सोनी (16 वर्ष)

हादसे में एक ही परिवार के छह लोगों की मौत से पूरे क्षेत्र में मातम पसरा हुआ है। मृतकों के शव पोस्टमार्टम के लिए भेजे गए हैं।

चार लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला

घटना के समय मकान में मौजूद परिवार के चार अन्य सदस्यों को सुरक्षित बचा लिया गया। इनमें अमायरा सोनी (7 वर्ष), रितेश सोनी (45 वर्ष), सौरभ सोनी (43 वर्ष) और आकर्ष सोनी (14 वर्ष) शामिल हैं। आग की सूचना मिलते ही राहत और बचाव दल ने मौके पर पहुंचकर लोगों को बाहर निकालने का प्रयास किया। शुरुआती जानकारी में पांच लोगों की मौत की खबर सामने आई थी, लेकिन बाद में मृतकों की संख्या बढ़कर छह हो गई।

आग लगने की वजह अभी साफ नहीं

फिलहाल मकान में आग लगने का कारण पता नहीं चल पाया है। शुरुआती आशंका में शॉर्ट सर्किट या आतिशबाजी से आग लगने की बात कही जा रही है, लेकिन इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। छपारा पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। जांच के बाद ही आग लगने की असली वजह सामने आ सकेगी। प्रशासन की ओर से भी घटना से जुड़ी जानकारी जुटाई जा रही है।

Umesh Shrivastava
By Umesh Shrivastava

Latest Posts