इंदौर में आज छिड़ेगी बारूद की जंग! गौतमपुरा में आमने-सामने होंगे कलंगी-तुर्रा दल, आसमान से बरसेंगे आग के गोले

इंदौर। दीपावली के दूसरे दिन इंदौर जिले के गौतमपुरा में सदियों पुरानी परंपरा एक बार फिर रोमांचक नजारे के साथ जीवंत होगी। यहां आज पारंपरिक हिंगोट युद्ध का आयोजन किया जाएगा। इसमें गौतमपुरा का तुर्रा दल और रूणजी का कलंगी दल एक-दूसरे पर आग से दहकते हिंगोट बरसाएंगे। इस अनूठे आयोजन को देखने के लिए आसपास के गांवों के साथ दूर-दराज के इलाकों से भी हजारों लोग पहुंचते हैं। ढाल, साफा और बारूद से भरे हिंगोट के साथ योद्धाओं का मैदान में उतरना इस आयोजन को खास बनाता है।
ये भी पढ़ें: लाइट के पोल से टकराई कार, मुजफ्फरनगर हाईवे हादसे में हरियाणा के एक ही परिवार के 6 लोगों की मौत
आमने-सामने होंगे दो गांवों के योद्धा
हिंगोट युद्ध दीपावली के अगले दिन पड़वा पर आयोजित किया जाता है। इसमें दो दल हिस्सा लेते हैं। गौतमपुरा के योद्धा तुर्रा दल का प्रतिनिधित्व करते हैं, जबकि पास के रूणजी गांव के योद्धा कलंगी दल में शामिल होते हैं। शाम ढलते ही दोनों दल पारंपरिक वेशभूषा में युद्ध मैदान में पहुंचते हैं।इस आयोजन की शुरुआत आपसी भाईचारे के संदेश के साथ होती है। युद्ध में उतरने से पहले दोनों दलों के योद्धा एक-दूसरे से गले मिलते हैं और भगवान देवनारायण का आशीर्वाद लेते हैं। इसके बाद जैसे ही अंधेरा गहराता है, मैदान में हिंगोट दागने का सिलसिला शुरू हो जाता है। आसमान में उड़ते आग के गोले और उनकी चमक पूरे मैदान को रोमांचक दृश्य में बदल देते हैं।
ये भी पढ़ें: MP AQI Today:मध्य प्रदेश में दिवाली के बाद जहरीली हुई हवा, इंदौर का AQI 1708 पहुंचा; भोपाल के कई इलाकों में 800 पार
करीब 200 साल पुरानी है परंपरा
गौतमपुरा का हिंगोट युद्ध लगभग दो सौ साल पुरानी परंपरा माना जाता है। इसके इतिहास को लेकर प्रचलित मान्यता के अनुसार मुगलकाल में स्थानीय योद्धा दुश्मनों के हमलों का मुकाबला करने के लिए हिंगोट का इस्तेमाल करते थे। समय के साथ युद्ध में इस्तेमाल होने वाला यह तरीका सांस्कृतिक आयोजन का रूप लेता गया।इस परंपरा की सबसे बड़ी विशेषता यह है कि इसमें मुकाबले के बावजूद दुश्मनी का भाव नहीं होता। दोनों दलों के बीच आपसी सम्मान और भाईचारे को महत्व दिया जाता है। आयोजन के बाद घायल होने वाले योद्धाओं का हालचाल लेने की परंपरा भी निभाई जाती है। मैदान में जय देवनारायण के जयकारों के बीच यह आयोजन स्थानीय संस्कृति और वीरता की पहचान बन चुका है।
ये भी पढ़ें: Seoni Fire Accident: सिवनी के छपारा में भीषण अग्निकांड, एक ही परिवार के 6 लोगों की मौत; 4 को सुरक्षित बचाया
हिंगोट के फल से तैयार होता है अग्निबाण
हिंगोट दरअसल हिंगोरिया नामक पेड़ पर लगने वाला फल है। इसका आकार नींबू से कुछ बड़ा होता है और बाहरी आवरण काफी कठोर होता है। ग्रामीण परंपरा के अनुसार इसे पहले जंगल से इकट्ठा किया जाता है। इसके अंदर का गूदा निकालकर इसे सुखाया जाता है। इसके बाद पारंपरिक तरीके से इसे युद्ध में इस्तेमाल होने वाले अग्निबाण का स्वरूप दिया जाता है।योद्धा युद्ध के दौरान सिर पर साफा बांधते हैं, कंधे पर हिंगोट से भरा झोला रखते हैं और हाथों में ढाल लेकर मैदान में उतरते हैं। उनके साथ जलती लकड़ी भी रहती है। जैसे ही मुकाबला शुरू होता है, दोनों ओर से हिंगोटों की आतिशी बौछार होने लगती है।
ये भी पढ़ें: भोपाल में कुंदन नमकीन के सामने दुकान में आग, 40 फीट से रस्सी के सहारे बचाई 3 लोगों की जान
रोमांच के साथ खतरे का भी रहता है अंदेशा
हिंगोट युद्ध जितना रोमांचक है, उतना ही जोखिम भरा भी माना जाता है। आग और बारूद के इस्तेमाल के कारण योद्धाओं के घायल होने की आशंका बनी रहती है। इसके बावजूद स्थानीय लोगों में इस आयोजन को लेकर खास उत्साह रहता है। गौतमपुरा का यह अनूठा आयोजन आज भी अपनी ऐतिहासिक पहचान और सांस्कृतिक विरासत को आगे बढ़ा रहा है।




















