होटल सयाजी किचन की गंदगी देख टूटा भरोसा!शादी की बुकिंग रद्द, 7 लाख लौटाने कलेक्टर से गुहार

इंदौर। होटल सयाजी में खाद्य सुरक्षा और किचन की व्यवस्थाओं को लेकर सामने आई शिकायतों का असर अब वहां होने वाले निजी आयोजनों पर भी दिखाई देने लगा है। होटल में 3 दिसंबर को होने वाली शादी की बुकिंग एक युवती ने रद्द कर दी है। युवती का कहना है कि होटल में खाद्य सामग्री और किचन की स्थिति को लेकर सामने आई जानकारी के बाद परिवार का भरोसा होटल प्रबंधन से उठ गया। अब विवाद जमा किए गए 7 लाख रुपए की वापसी को लेकर है। राशि वापस नहीं मिलने पर युवती ने कलेक्टर शिवम वर्मा से शिकायत कर हस्तक्षेप और रकम वापस दिलाने की मांग की है।
7 लाख जमा कर बुक किया था होटल
शिकायतकर्ता साक्षी तिवारी के मुताबिक, परिवार ने 3 दिसंबर को होने वाली शादी के लिए होटल सयाजी में बुकिंग कराई थी। इसके लिए होटल प्रबंधन को करीब 7 लाख रुपए जमा किए गए थे। तिवारी का कहना है कि होटल प्रबंधन से बुकिंग को लेकर बातचीत हुई थी, लेकिन दोनों पक्षों के बीच कोई लिखित करार नहीं हुआ था। शादी की तैयारियों के बीच होटल के किचन और खाद्य सामग्री से जुड़ी जांच की जानकारी सामने आई। इसके बाद परिवार ने पूरे मामले पर गंभीरता से विचार किया। परिवार की प्राथमिकता शुद्ध शाकाहारी भोजन है, इसलिए किचन में खाद्य सामग्री के रखरखाव और साफ-सफाई को लेकर सामने आई जानकारी ने उनकी चिंता बढ़ा दी।
संबंधित खबर: सयाजी होटल का "बार"लाइसेंस भी सस्पेंड: पहले हुआ था फूड लाइसेंस निलंबित
किचन की जांच की जानकारी सामने आने के बाद बदला फैसला
तिवारी का आरोप है कि होटल के किचन से जुड़ी जांच में गंदगी, कीड़े-मकोड़े और खाद्य सामग्री के रखरखाव को लेकर सवाल उठे थे। शाकाहारी और मांसाहारी सामग्री को एक ही कोल्ड स्टोरेज में रखे जाने जैसी जानकारी सामने आने के बाद परिवार ने होटल में शादी नहीं करने का फैसला किया। परिवार का कहना है कि शादी जैसे आयोजन में बड़ी संख्या में मेहमान शामिल होते हैं और भोजन की गुणवत्ता व स्वच्छता उनके लिए सबसे महत्वपूर्ण है। ऐसे में किचन को लेकर उठे सवालों के बाद होटल पर भरोसा करना मुश्किल था।
संबंधित खबर: सयाजी में खाना खाया जी...! होटल के किचन में वेज-नॉनवेज साथ,चूहे-कॉकरोच का डेरा
अपना कैटरर रखने का दिया विकल्प
बुकिंग रद्द करने से पहले परिवार की ओर से विवाद का समाधान निकालने की कोशिश भी की गई। तिवारी के मुताबिक, उन्होंने होटल प्रबंधन को सुझाव दिया कि शादी के भोजन की व्यवस्था के लिए अपना शाकाहारी कैटरर रखा जाए। इससे परिवार अपनी प्राथमिकता के मुताबिक भोजन की गुणवत्ता और स्वच्छता सुनिश्चित कर सकता था। हालांकि, उनके अनुसार होटल प्रबंधन इसके लिए भी तैयार नहीं हुआ। इसके बाद परिवार ने शादी की बुकिंग रद्द करने और जमा की गई 7 लाख रुपए की राशि वापस करने की मांग की।
ये भी पढ़ें: पासबुक-एटीएम की लगी बोली! एक बैंक खाते की तीन बार हुई खरीद-फरोख्त,साइबर ठगों का नया फॉर्मूला
रकम वापसी पर नहीं बनी सहमति
बुकिंग रद्द करने के बाद सबसे बड़ा विवाद जमा राशि को लेकर खड़ा हो गया। शिकायतकर्ता का कहना है कि होटल प्रबंधन से रकम वापस करने को लेकर सहमति नहीं बन पाई। इसके बाद उन्होंने मामले में प्रशासन से हस्तक्षेप की मांग की। तिवारी ने कलेक्टर शिवम वर्मा को शिकायत देकर कहा है कि उनकी बुकिंग रद्द होने के बाद 7 लाख रुपए वापस दिलाए जाएं। अब शिकायत पर प्रशासन की ओर से क्या कार्रवाई की जाती है, इस पर नजर है।
ये भी पढ़ें: इंदौर मॉडल का इंटरनेशनल इफेक्ट! इटली के काउंसल जनरल पहुंचे, तकनीक और निवेश पर चर्चा
8 में से 5 फूड सैंपल फेल होने का दावा
होटल सयाजी की खाद्य सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सामने आई जांच में 8 फूड सैंपल में से 5 के फेल होने की जानकारी भी सामने आई है। जांच में एनालॉग पनीर, रंग मिला पिस्ता, फंगस लगी मूंगफली और खोपरे से जुड़े सैंपल में गड़बड़ी पाए जाने की बात कही गई है। खाद्य सामग्री की गुणवत्ता के अलावा होटल के किचन में साफ-सफाई और खाद्य सुरक्षा मानकों को लेकर भी सवाल उठ चुके हैं। इन मामलों में पहले कार्रवाई की जानकारी भी सामने आई है।
ये भी पढ़ें: 2018 में मिल गया था ‘जहर’ का अलर्ट, 7 साल सोता रहा निगम! भागीरथपुरा कांड में आधा दर्जन अफसर जिम्मेदार
अब 7 लाख की वापसी पर टिका विवाद
एक तरफ होटल की खाद्य सुरक्षा व्यवस्था को लेकर शिकायतें और जांच की जानकारी सामने आई है, वहीं दूसरी तरफ शादी की बुकिंग रद्द करने वाली युवती ने अपनी जमा राशि वापस कराने के लिए प्रशासन का दरवाजा खटखटाया है। परिवार का कहना है कि शादी एक खुशी का आयोजन है और भोजन को लेकर किसी तरह का जोखिम नहीं लिया जा सकता। वहीं अब प्रशासन के सामने यह तय करने का मुद्दा है कि बुकिंग रद्द होने की स्थिति में जमा राशि की वापसी को लेकर क्या कार्रवाई की जा सकती है।




















