सयाजी होटल का "बार"लाइसेंस भी सस्पेंड: पहले हुआ था फूड लाइसेंस निलंबित

इंदौर। शहर के चर्चित सयाजी होटल पर प्रशासन की कार्रवाई का सिलसिला जारी है। कुछ दिन पहले होटल के खाद्य कारोबार से जुड़े लाइसेंस पर कार्रवाई के बाद अब बार का लाइसेंस भी निलंबित कर दिया गया है। लगातार हो रही कार्रवाई से होटल प्रबंधन में हड़कंप की स्थिति है।हाल ही में खाद्य विभाग और एफएसएसएआई की टीम ने होटल के किचन का निरीक्षण किया था। जांच के दौरान किचन में वेज और नॉनवेज खाद्य सामग्री एक साथ रखी मिली थी। बड़ी मात्रा में बिना पैकिंग की नॉनवेज सामग्री, निर्धारित तापमान का पालन नहीं होना, जंग लगे कंटेनर और खाद्य सामग्री तैयार करने वाले प्लेटफॉर्म पर जंग मिलने की बात सामने आई थी। जांच के दौरान किचन में कॉकरोच और चूहों की मौजूदगी के साथ चूहों का मल भी मिला था। इसके अलावा सड़ी हुई सब्जियां और फंगस लगी मूंगफली भी मिलने की जानकारी सामने आई थी।
संबंधित खबर: सयाजी में खाना खाया जी...! होटल के किचन में वेज-नॉनवेज साथ,चूहे-कॉकरोच का डेरा
गुरुवार रात हुई थी कार्यवाई
पांच सितारा होटल और बेहतर खान-पान की तस्वीर उभरती है। लेकिन गुरुवार रात खाद्य विभाग और FSSAI पश्चिम क्षेत्र की संयुक्त टीम जब होटल के किचन में पहुंची तो वहां की व्यवस्थाओं ने कई सवाल खड़े कर दिए। खाद्य विभाग की टीम ने रात करीब 10.30 बजे सयाजी होटल और क्लब में संचालित किचन की जांच की। निरीक्षण के दौरान खाद्य सामग्री के रखरखाव से लेकर स्वच्छता और लाइसेंस व्यवस्था तक कई खामियां सामने आईं। सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि किचन के कोल्ड स्टोरेज में वेज और नॉनवेज खाद्य सामग्री एक साथ रखी मिली। करीब 66 किलो नॉनवेज सामग्री बिना पैकिंग के मिली। उस पर निर्माण की तारीख का लेबल भी नहीं था।
लेकिन किचन में क्या मिला?
खाद्य विभाग की टीम के सामने सवाल सिर्फ खाने की गुणवत्ता का नहीं, बल्कि उस जगह की स्वच्छता का भी था जहां से लोगों के लिए भोजन तैयार किया जा रहा था। जांच के दौरान किचन परिसर में कॉकरोच और चूहों का मल मिला। टीम को किचन में चूहे भी दिखाई दिए। यानी जिस किचन से मेहमानों की प्लेट तक खाना पहुंच रहा था, वहां कीट नियंत्रण व्यवस्था पर भी सवाल खड़े हुए।
संबंधित खबर: पन्ना : डेयरी के 900 लीटर दूध में मिलीं मरी मक्खियां, खाद्य विभाग ने दूध के सैंपल भेजे
पहले फूड लाइसेंस पर कार्रवाई, अब बार का नंबर
खाद्य सुरक्षा मानकों में सामने आई खामियों के बाद कुछ दिन पहले होटल के फूड लाइसेंस को निलंबित किया गया था। अब प्रशासन ने होटल के बार का लाइसेंस भी निलंबित कर दिया है। लगातार दो स्तरों पर हुई कार्रवाई से होटल के संचालन और वहां उपलब्ध सुविधाओं को लेकर प्रशासन की सख्ती साफ नजर आ रही है।
संबंधित खबर: 204 किलो एनालॉग पनीर जब्त; सीहोर की डेयरी में गंदगी के बीच चल रहा था निर्माण, खाद्य विभाग की टीम ने रुकवाया कारोबार
जांच के बाद आगे की कार्रवाई संभव
खाद्य विभाग की टीम ने होटल से पनीर, नॉनवेज, मूंगफली, सौंफ और ड्रायफ्रूट्स सहित कई खाद्य पदार्थों के सैंपल भी लिए थे। इनकी जांच रिपोर्ट और अन्य दस्तावेजों के आधार पर आगे की कार्रवाई तय की जाएगी।





















