सतना में पुलिस टीम के साथ बड़ा हादसा, हाईटेंशन लाइन की चपेट में आए 2 पुलिसकर्मी

सतना के विराट नगर में चोरों की तलाश में पहुंची सिविल लाइन थाना पुलिस की टीम हादसे का शिकार हो गई। मकान की दूसरी मंजिल के पास से गुजर रही हाईटेंशन बिजली लाइन की चपेट में आने से दो पुलिसकर्मी घायल हो गए। आरक्षक आनंद सिंह की हालत गंभीर है। उन्हें निजी अस्पताल के ICU में भर्ती कराया गया है। वहीं, प्रधान आरक्षक विवेक द्विवेदी को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई।
जानें पूरा मामला
सतना के विराट नगर में गुरुवार देर रात चोरों की तलाश के दौरान पुलिस टीम के साथ हादसा हो गया। जानकारी के मुताबिक, पुलिस को एक मकान में चोर घुसने की सूचना मिली थी। इसके बाद सिविल लाइन थाने के तीन पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे। इसी दौरान मकान की दूसरी मंजिल के पास से गुजर रही हाईटेंशन बिजली लाइन के संपर्क में लोहे का पाइप आ गया। इससे करंट फैल गया और आरक्षक आनंद सिंह व प्रधान आरक्षक विवेक द्विवेदी इसकी चपेट में आकर घायल हो गए। टीम में शामिल तीसरे पुलिसकर्मी के घायल होने की सूचना नहीं है।
हादसे में आरक्षक आनंद सिंह के सिर और पैर में गंभीर चोटें आई हैं। उन्हें निजी अस्पताल के ICU में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार जारी है। वहीं, प्रधान आरक्षक विवेक द्विवेदी को प्राथमिक उपचार के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। घटना की जानकारी मिलने पर सिविल लाइन थाना प्रभारी प्रीति विश्वकर्मा अस्पताल पहुंचीं और घायल आरक्षक के स्वास्थ्य की जानकारी ली। उधर, जिस संदिग्ध चोर की तलाश में पुलिस टीम विराट नगर पहुंची थी, वह मौके पर नहीं मिला।




















