Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

सैम पित्रोदा ने फिर दिया विवादित बयान, बोले- चीन भारत का दुश्मन नहीं; कांग्रेस ने किया किनारा, भाजपा ने बोला हमला

सैम पित्रोदा ने फिर दिया विवादित बयान, बोले- चीन भारत का दुश्मन नहीं; कांग्रेस ने किया किनारा, भाजपा ने बोला हमला
नई दिल्ली। इंडियन ओवरसीज कांग्रेस के अध्यक्ष और राहुल गांधी के करीबी सैम पित्रोदा के चीन को लेकर दिए गए बयान से सियासी हलचल मच गई है। उन्होंने कहा कि भारत को चीन को अपना दुश्मन मानना बंद कर देना चाहिए और उसके प्रति अपना नजरिया बदलना चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि चीन से खतरे को अक्सर बढ़ा-चढ़ाकर पेश किया जाता है। हालांकि, कांग्रेस ने पित्रोदा के बयान से खुद को अलग कर लिया है। कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने साफ कहा कि पित्रोदा के विचार पार्टी के विचार नहीं हैं। वहीं, भाजपा ने इस बयान को कांग्रेस की चीन नीति का पर्दाफाश करने वाला बताया और राहुल गांधी पर भी निशाना साधा।

सैम पित्रोदा बोले- चीन को दुश्मन मानना बंद करें

न्यूज एजेंसी IANS को दिए इंटरव्यू में सैम पित्रोदा ने कहा कि भारत को चीन से कोई खतरा नहीं है और उसे सम्मान देना चाहिए। उन्होंने कहा, "मुझे समझ ही नहीं आता कि भारत को चीन से क्या खतरा है। हमें टकराव की मानसिकता से बाहर आना होगा। पहले दिन से ही हमारा रवैया टकराव का रहा है, जिससे दोनों देशों के बीच दुश्मनी बढ़ी है। हमें इस पैटर्न को बदलने की जरूरत है।" उन्होंने यह भी कहा कि दुनिया के सभी देशों को अब साथ आकर काम करना चाहिए। हमें सीखने, संवाद बढ़ाने, सहयोग करने और मिलकर काम करने की जरूरत है। चीन चारों ओर है, वह बढ़ रहा है, हमें इसे पहचानना और समझना होगा।

अमेरिका पर भी निशाना, स्वतंत्र विदेश नीति पर जोर

सैम पित्रोदा ने अमेरिका की विदेश नीति पर भी टिप्पणी की और कहा कि वह अक्सर एक दुश्मन को परिभाषित करने की प्रवृत्ति रखता है, जिससे बाकी देशों के बीच तनाव बढ़ता है। उन्होंने कहा कि भारत को अपनी स्वतंत्र विदेश नीति पर ध्यान देना चाहिए और अपने पड़ोसियों के साथ सकारात्मक संबंध बनाने की कोशिश करनी चाहिए।

कांग्रेस ने पित्रोदा के बयान से किया किनारा

सैम पित्रोदा के बयान पर कांग्रेस ने तुरंत प्रतिक्रिया दी और उससे दूरी बना ली। पार्टी महासचिव जयराम रमेश ने कहा, "पित्रोदा के विचार भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के विचार नहीं हैं। चीन हमारी विदेश नीति, बाहरी सुरक्षा और आर्थिक क्षेत्र की सबसे बड़ी चुनौती बना हुआ है। कांग्रेस पार्टी ने चीन को लेकर मोदी सरकार की नीति पर बार-बार सवाल उठाए हैं।" उन्होंने यह भी कहा कि 19 जून 2020 को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने चीन को सार्वजनिक रूप से क्लीन चिट दी थी, जिस पर कांग्रेस ने सवाल उठाए थे।

भाजपा का पलटवार- कांग्रेस की चीन से समझौते की पोल खुली

भाजपा ने सैम पित्रोदा के बयान पर कड़ा विरोध जताया और इसे कांग्रेस की चीन नीति का खुलासा करने वाला बताया। भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता और राज्यसभा सांसद सुधांशु त्रिवेदी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा, "सैम पित्रोदा ने कांग्रेस के चीन के साथ समझौते की पोल खोल दी है। यह भारत की अस्मिता, कूटनीति और संप्रभुता पर गहरा आघात है।" त्रिवेदी ने कहा कि राहुल गांधी भी विदेशों में ऐसे बयान दे चुके हैं। उन्होंने कहा, "गलवान घाटी में हमारे 20 जवान शहीद हुए और उसके बाद कांग्रेस के ओवरसीज अध्यक्ष ऐसी भाषा बोल रहे हैं। इससे साफ है कि कांग्रेस की नीति क्या रही है।"

राहुल गांधी पर भी सवाल उठे

भाजपा ने राहुल गांधी पर भी निशाना साधा और कहा कि कांग्रेस नेता पहले भी चीन को लेकर विवादित बयान दे चुके हैं। त्रिवेदी ने कहा कि राहुल गांधी ने अपने विदेश दौरे के दौरान चीन की बेरोजगारी से निपटने की नीति की तारीफ की थी, जबकि भारत के जवान गलवान में शहीद हुए थे। ये भी पढ़ें- इंदौर : गश्त के समय पुलिस का बड़ा ऑपरेशन, 30 से अधिक बदमाश गिरफ्तार, ड्रग्स पैडलर भी दबोचे
Wasif Khan
By Wasif Khan

फिलहाल जुलाई 2024 से पीपुल्स अपडेट में सब-एडिटर हूं। बीते 3 वर्षों से मीडिया में सक्रिय हूं। 12वीं म...

Latest Posts