Rewa Regional Industry Conclave : सीएम ने किया रीवा रीजनल इंडस्ट्री कॉन्क्लेव का शुभारंभ, प्रतिनिधियों से करेंगे चर्चा

रीवा। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने बुधवार सुबह यहां रीजनल इंडस्ट्री कॉन्क्लेव का उद्घाटन किया। इस दौरान डिप्टी सीएम राजेंद्र शुक्ल, रीवा के प्रभारी मंत्री प्रहलाद पटेल और सूक्ष्म एवं लघु उद्योग मंत्री चेतन्य कश्यप समेत अन्य गणमान्य नागरिक और जनप्रतिनिधि भी उपस्थित रहे। सीएम कार्यक्रम स्थल कृष्णा राज कपूर सभागार पहुंचे और दीप प्रज्ज्वलित कर कॉन्क्लेव का उद्घाटन किया।
महामृत्युंजय मंदिर में किए दर्शन-पूजन
इसके पहले रीवा पहुंचने पर सीएम डॉ. मोहन यादव रीजनल इंडस्ट्रियल कॉन्क्लेव के उद्घाटन के पहले रीवा के प्रसिद्ध महामृत्युंजय भगवान मंदिर पहुंचे और दर्शन-पूजन किया। यहां पहुंचने पर डॉ. यादव ने संवाददाताओं से कहा कि राज्य सरकार हर क्षेत्र के विकास के लिए प्रतिबद्ध है। हर क्षेत्र में अपार संभावनाएं हैं। आज का दिन इस क्षेत्र के लिए ऐतिहासिक होने वाला है। देखें विडियो...कॉन्क्लेव में कांग्रेस विधायकों को नहीं बुलाया, भड़के दिग्गज नेता
पूर्व नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस के चुरहट से विधायक अजय सिंह ने सोशल मीडिया पर लिखा, “आज रीवा में आयोजित रीजनल इंडस्ट्रीज कॉन्क्लेव में विंध्य क्षेत्र से सभी जनप्रतिनिधियों को भी आमंत्रित किया जाना चाहिए था। यह आश्चर्यजनक और खेदपूर्ण है कि मुझे न तो इस आयोजन की जानकारी मिली और न ही कोई आमंत्रण राज्य सरकार की ओर से मिला।” उन्होंने आगे लिखा, “आज सवेरे जिला प्रशासन सीधी की ओर से मुझसे पूछा गया है कि क्या मैं इसमें भाग ले रहा हूं? जाहिर है कि कांग्रेस पार्टी से निर्वाचित जनप्रतिनिधियों को ऐसे आयोजन में शामिल करने की सरकार की कतई मंशा नहीं है। यदि मुख्यमंत्री और सरकार चाहती तो यथासमय सूचना और आमंत्रण भेजा जाता। सरकारी आयोजनों में कांग्रेस के विधायकों को आमंत्रित न करना अलोकतांत्रिक और जनविरोधी है।”





















