RCB Victory Parade : चिन्नास्वामी स्टेडियम में भगदड़ से अब तक 11 की मौत, मृतकों के परिजनों को मिलेंगे 10 लाख
CM सिद्धारमैया बोले- 35 हजार की क्षमता थी, लेकिन 3 लाख लोग आ गए...

RCB Victory Parade। रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) की IPL 2025 जीत का जश्न बुधवार (4 जून) को उस वक्त एक दुखद हादसे में बदल गया, जब एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम के बाहर भगदड़ मच गई। इस घटना में अब तक 11 लोगों की मौत हो गई, जबकि 30 से अधिक लोग घायल हो गए। माना जा रहा है कि मृतकों की संख्या और बढ़ सकती है।
हादसे का कारण ?
RCB की पहली IPL जीत का जश्न मनाने के लिए हजारों प्रशंसक स्टेडियम के बाहर एकत्रित हुए थे। भीड़ इतनी अधिक थी कि पुलिस और आयोजकों के लिए उसे नियंत्रित करना मुश्किल हो गया। जब प्रशंसकों ने खिलाड़ियों की एक झलक पाने के लिए स्टेडियम के गेट की ओर धक्का-मुक्की शुरू की, तो भगदड़ मच गई।35 हजार की क्षमता में 3 लाख से ज्यादा लोग आए
चिन्नास्वामी स्टेडियम के बाहर हुई भगदड़ पर दुख जताते हुए सीएम सिद्धारमैया ने कहा कि स्टेडियम में 35 हजार की क्षमता थी। लेकिन बाहर 3 लाख से ज्यादा लोग जमा हो गए। इस हादसे में 11 लोगों की जान गई है। हम लगातार डॉक्टरों के संपर्क में हैं।मृतकों के परिजनों को मिलेगी आर्थिक सहायता
सीएम सिद्धारमैया ने मृतकों के परिजनों को 10 लाख रुपए की सहायता राशि देने की घोषणा की है। इसके साथ ही कहा कि घायलों का मुफ्त इलाज कराया जाएगा। सीएम ने कहा कि हम डॉक्टरों के संपर्क में बने हुए हैं। हादसे में जान गंवाने वाले ज्यादातर युवा थे।
भगदड़ पर पीएम मोदी ने जताया दुख
बेंगलुरु भगदड़ पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दुख जताया। उन्होंने लिखा, 'बेंगलुरु में हुई दुर्घटना बहुत ही दुखद है। इस दुखद घड़ी में मेरी संवेदनाएं उन सभी लोगों के साथ हैं, जिन्होंने अपने प्रियजनों को खो दिया है। मैं प्रार्थना करता हूं कि जो लोग घायल हुए हैं वे जल्द स्वस्थ हो जाएं।
जश्न की तैयारी और भीड़ का उमड़ा सैलाब
RCB की 18 साल की प्रतीक्षा के बाद मिली पहली IPL ट्रॉफी की खुशी में हजारों प्रशंसक बेंगलुरु की सड़कों पर उमड़ पड़े। टीम की ओर से विजयी परेड की घोषणा की गई थी, जिसमें खिलाड़ी विधान सौधा से चिन्नास्वामी स्टेडियम तक खुले बस में यात्रा करने वाले थे।
हालांकि, भारी भीड़ और ट्रैफिक जाम की आशंका को देखते हुए बेंगलुरु पुलिस ने परेड को रद्द कर दिया और प्रशंसकों से सार्वजनिक परिवहन का उपयोग करने की अपील की।











