RBI Update:बार-बार KYC कराने की नहीं पड़ेगी जरूरत, जानिए क्या है 14 अंकों का CKYC नंबर और इसके फायदे

अगर आप बैंक में खाता खुलवाते हैं म्यूचुअल फंड में निवेश करते हैं या बीमा पॉलिसी खरीदते हैं, तो हर बार KYC दस्तावेज जमा करने की प्रक्रिया से गुजरना पड़ता है। लेकिन अब Central KYC (CKYC) सिस्टम इस परेशानी को काफी हद तक कम कर सकता है। भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) भी लोगों को अपना 14 अंकों का CKYC नंबर जानने और उसका इस्तेमाल करने की सलाह दे रहा है। इस नंबर की मदद से अलग-अलग वित्तीय संस्थानों में बार-बार KYC दस्तावेज जमा करने की जरूरत नहीं पड़ती।
क्या है CKYC नंबर?
CKYC यानी Central Know Your Customer एक केंद्रीकृत KYC प्रणाली है। इसके तहत हर ग्राहक को 14 अंकों का यूनिक CKYC नंबर जारी किया जाता है। यह नंबर आपके KYC रिकॉर्ड से जुड़ा होता है जिसे Central KYC Records Registry (CKYCR) में सुरक्षित रखा जाता है। जब कोई बैंक, NBFC, बीमा कंपनी या म्यूचुअल फंड हाउस इस नंबर का उपयोग करता है, तो वह आपके पहले से उपलब्ध KYC रिकॉर्ड को देख सकता है। इससे एक ही दस्तावेज अलग-अलग संस्थानों में बार-बार जमा करने की आवश्यकता काफी कम हो जाती है।
ये भी पढ़ें: अब बर्थडे भूलना पड़ेगा भारी! WhatsApp ला रहा है ऐसा फीचर, जो खुद दिलाएगा याद
CKYC नंबर के बड़े फायदे
CKYC सिस्टम ग्राहकों के लिए कई तरह से फायदेमंद है।
- बार-बार KYC दस्तावेज जमा करने की जरूरत कम होती है।
- बैंक खाता खोलने की प्रक्रिया तेज और आसान बनती है।
- म्यूचुअल फंड और बीमा में निवेश करना सुविधाजनक होता है।
- एक ही KYC रिकॉर्ड का उपयोग कई वित्तीय संस्थानों में किया जा सकता है।
- समय की बचत होती है और वित्तीय सेवाएं जल्दी मिलती हैं।
अपना CKYC नंबर कैसे पता करें?
अगर आपको अपना CKYC नंबर नहीं पता है, तो उसे आसानी से पता लगाया जा सकता है।
- अपने बैंक या संबंधित वित्तीय संस्थान से संपर्क करें।
- 7799022129 पर मिस्ड कॉल देकर जानकारी प्राप्त करें।
- CKYC के आधिकारिक ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से भी अपना CKYC नंबर देखा जा सकता है।
ये भी पढ़ें: Meta पर 120 लाख करोड़ रुपए की पेनाल्टी ! बच्चों को सोशल मीडिया का आदी बनाने का आरोप
RBI ने क्या दी सलाह?
RBI ने अपनी वित्तीय जागरूकता पहल RBI कहता है, जानकार बनिए, सतर्क रहिए के तहत लोगों से CKYC नंबर की जानकारी रखने और उसका उपयोग करने की अपील की है। केंद्रीय बैंक का मानना है कि यह व्यवस्था बैंकिंग, बीमा और निवेश से जुड़ी सेवाओं को अधिक सरल, तेज और पारदर्शी बनाएगी। खासतौर पर जिन लोगों के कई बैंक खाते, बीमा पॉलिसियां या निवेश योजनाएं हैं, उनके लिए CKYC सिस्टम काफी उपयोगी साबित हो सकता है। इससे KYC प्रक्रिया आसान होने के साथ-साथ दस्तावेजों की बार-बार होने वाली औपचारिकताओं से भी राहत मिलेगी।












