Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

राशन में खेल या बड़ा घोटाला? इछावर में खाद्यान्न की जगह नकदी बांटा, राजस्व मंत्री के क्षेत्र में मचा हड़कंप

इछावर के बरखेड़ा कुर्मी में राशन की जगह हितग्राहियों को नकद राशि देने का आरोप लगा है। झरखेड़ा-दौलतपुरा में छह महीने से राशन नहीं मिलने और अंगूठा लगवाकर अनाज गायब करने की शिकायत पर जांच शुरू हो गई है।
राशन में खेल या बड़ा घोटाला? इछावर में खाद्यान्न की जगह नकदी बांटा, राजस्व मंत्री के क्षेत्र में मचा हड़कंप
राशन की जगह पैसे मिलने से मचा हड़कंप

सीहोर। गरीब परिवारों के हक के राशन में कथित गड़बड़ी का मामला सामने आने के बाद इछावर में सार्वजनिक वितरण प्रणाली की व्यवस्था सवालों के घेरे में आ गई है। बरखेड़ा कुर्मी की उचित मूल्य दुकान पर हितग्राहियों को गेहूं और अन्य खाद्यान्न देने के बजाय कथित रूप से नकद राशि बांटे जाने का आरोप सामने आए हैं। राजस्व मंत्री करण सिंह वर्मा के विधानसभा क्षेत्र इछावर का वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आने के बाद खाद्य विभाग में भी हलचल बढ़ गई है।

महिलाओं का दावा-अनाज की जगह थमाए रुपए

बरखेड़ा कुर्मी निवासी अनीता बाई, सुनीता बाई और कृष्णा बाई ने आरोप लगाया कि वे राशन लेने उचित मूल्य दुकान पहुंचीं, लेकिन उन्हें खाद्यान्न देने के बजाय नकद राशि दी गई। महिलाओं के अनुसार, उन्हें हर महीने की तरह गेहूं और अन्य राशन सामग्री मिलने की उम्मीद थी, लेकिन दुकान पर अलग ही व्यवस्था दिखाई दी। अब सवाल यह है कि यदि वास्तव में खाद्यान्न के बदले नकद राशि दी गई, तो यह किस आदेश या प्रावधान के तहत हुआ?

स्टॉक से लेकर POS मशीन तक होगी पड़ताल

यह दुकान बहुउद्देशीय प्राथमिक कृषि साख सहकारी समिति मर्यादित आमलारामजीपुरा से जुड़ी बताई जा रही है। शिकायत सामने आने के बाद जांच का दायरा दुकान के स्टॉक रजिस्टर, वितरण रिकॉर्ड, POS मशीन के ट्रांजेक्शन और हितग्राहियों के बयानों तक बढ़ाया गया है। जांच में यह भी देखा जाएगा कि रिकॉर्ड में जितना राशन वितरित होना दर्ज है, वास्तव में उतना खाद्यान्न हितग्राहियों तक पहुंचा या नहीं।

अधिकारी बोले-नकद राशि देने का कोई प्रावधान नहीं

एएफओ आकाश चंदेल ने स्पष्ट किया कि राशन के स्थान पर नकद राशि वितरित करने का कोई प्रावधान नहीं है। उनका कहना है कि मामला अभी संज्ञान में आया है और पूरे प्रकरण की जांच कराई जाएगी। ऐसे में जांच रिपोर्ट यह साफ करेगी कि हितग्राहियों को पैसा किस परिस्थिति में और किसके निर्देश पर दिया गया।

ये भी पढ़ें: जर्जर कॉलेज, अधूरी सुविधाएं, छात्रों का गुस्सा और प्रदर्शन! ABVP ने शुरू किया ‘विद्यार्थी हुंकार अभियान’

छह महीने से राशन नहीं मिलने का भी आरोप

इसी क्षेत्र के झरखेड़ा और दौलतपुरा के ग्रामीणों ने भी उचित मूल्य दुकान की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठाए हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि उन्हें करीब छह महीने से राशन नहीं मिला। उनका कहना है कि दुकान संचालक कई बार बायोमेट्रिक मशीन पर अंगूठा लगवा लेते हैं, लेकिन इसके बाद खाद्यान्न नहीं दिया जाता। ग्रामीणों ने एसडीएम कार्यालय पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई और निष्पक्ष जांच की मांग की है।

अंगूठा लगवाकर अनाज गायब करने का आरोप

ग्रामीणों के आरोप सही पाए जाते हैं तो मामला महज राशन वितरण में लापरवाही तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि हितग्राहियों के नाम पर दर्ज खाद्यान्न और वास्तविक वितरण के बीच बड़े अंतर की भी पड़ताल करनी होगी। इसी कारण प्रशासन अब पिछले रिकॉर्ड को खंगाल रहा है। ग्रामीणों ने मांग की है कि यदि अनियमितता प्रमाणित होती है तो जिम्मेदार लोगों पर कड़ी कार्रवाई की जाए और गांव में नियमित राशन वितरण सुनिश्चित किया जाए।

ये भी पढ़ें: दोपहर में ही डल गया स्कूल पर ताला, दूसरी शाला में नहीं मिला एक भी छात्र; DEO ने प्रधानाध्यापक-प्राचार्य को दिया नोटिस

SDM ने टीम उतारी, एक साल का रिकॉर्ड खंगाला जा रहा

इछावर एसडीएम स्वाति मिश्रा ने बताया कि बरखेड़ा कुर्मी और दौलतपुरा क्षेत्र से मिली अनियमितताओं की शिकायतों पर तत्काल संज्ञान लिया गया है। खाद्य विभाग और जेएसओ की जांच टीम को मौके पर भेजा गया है। टीम संबंधित राशन दुकानों के पिछले एक साल के रिकॉर्ड की बारीकी से जांच कर रही है। स्टॉक, वितरण और हितग्राहियों से जुड़ी जानकारी का मिलान किया जा रहा है।

Sunil Sharma
By Sunil Sharma

सुनील शर्मा, सीहोर जिला ब्यूरो, पीपुल्स समाचार ढाई दशक से पत्रकारिता में सक्रिय। दैनिक भास्कर, पत्रि...Read More

Latest Posts