Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

जर्जर कॉलेज, अधूरी सुविधाएं, छात्रों का गुस्सा और प्रदर्शन! ABVP ने शुरू किया ‘विद्यार्थी हुंकार अभियान’

मध्य प्रदेश के शासकीय महाविद्यालयों में सुविधाओं की कमी को लेकर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद ने प्रदेशभर में ‘विद्यार्थी हुंकार अभियान’ शुरू किया। भोपाल में विद्यार्थियों ने मार्च निकालकर कलेक्ट्रेट के बाहर प्रदर्शन किया और उच्च शिक्षा मंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा। संगठन ने कॉलेजों में पानी, शौचालय, फर्नीचर, पुस्तकालय, प्रयोगशाला, सुरक्षा और अन्य जरूरी सुविधाएं जल्द उपलब्ध कराने की मांग की।
जर्जर कॉलेज, अधूरी सुविधाएं, छात्रों का गुस्सा और प्रदर्शन! ABVP ने शुरू किया ‘विद्यार्थी हुंकार अभियान’
अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद ने प्रदेशभर में ‘विद्यार्थी हुंकार अभियान’किया शुरू

भोपाल। शासकीय महाविद्यालयों में पढ़ने वाले विद्यार्थियों की समस्याओं को लेकर गुरुवार को भोपाल में बड़ी संख्या में छात्र सड़क पर उतरे। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद ने ‘विद्यार्थी हुंकार अभियान’ के तहत मार्च निकाला और कलेक्ट्रेट पहुंचकर प्रदर्शन किया। इसके बाद उच्च शिक्षा मंत्री के नाम कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा गया। अभाविप का कहना है कि प्रदेश के कई सरकारी कॉलेजों में पढ़ाई के लिए जरूरी सुविधाएं पर्याप्त नहीं हैं। संगठन ने सरकार से कॉलेजों की स्थिति की जांच कराकर समस्याओं का समयबद्ध तरीके से समाधान करने की मांग की।

कॉलेजों में बुनियादी सुविधाओं की कमी का मुद्दा

अभाविप ने आरोप लगाया कि प्रदेश के कई शासकीय महाविद्यालयों में विद्यार्थियों को आज भी जरूरी सुविधाओं के लिए परेशान होना पड़ता है। कहीं पीने के पानी की व्यवस्था ठीक नहीं है तो कहीं शौचालयों की स्थिति खराब है। कई कॉलेजों में कक्षाओं के लिए पर्याप्त फर्नीचर, बिजली और रोशनी की व्यवस्था भी संतोषजनक नहीं होने की बात कही गई। संगठन ने इन व्यवस्थाओं को विद्यार्थियों की पढ़ाई के लिए जरूरी बताया।

पुस्तकालय और प्रयोगशालाओं को लेकर भी सवाल

विद्यार्थी परिषद ने कॉलेजों की लाइब्रेरी और प्रयोगशालाओं की स्थिति पर भी चिंता जताई। संगठन के मुताबिक कई जगह पुस्तकालयों में पर्याप्त पढ़ाई की सामग्री उपलब्ध नहीं है। विज्ञान और कंप्यूटर प्रयोगशालाओं में जरूरी उपकरणों और संसाधनों की कमी का भी दावा किया गया। अभाविप ने कहा कि आधुनिक शिक्षा के दौर में विद्यार्थियों को बेहतर संसाधन मिलना जरूरी है, ताकि वे पढ़ाई के साथ व्यावहारिक ज्ञान भी हासिल कर सकें।

ये भी पढ़ें: ऑपरेशन मनी ट्रैप-पैसे दोगुने करने का झांसा देकर 2 करोड़ की धोखाधड़ी करने वाले अंतर्राज्यीय गिरोह का पर्दाफाश

सुरक्षा और कैंपस की व्यवस्था सुधारने की मांग

अभाविप के मध्यभारत प्रांत मंत्री केतन चतुर्वेदी ने कहा कि कई कॉलेजों में बाउंड्री वॉल की स्थिति खराब है। उनका आरोप है कि इससे कॉलेज परिसरों की सुरक्षा प्रभावित होती है। उन्होंने भोपाल के एमवीएम कॉलेज में चलाए गए स्वच्छता अभियान का जिक्र करते हुए परिसर में शराब की बोतलें मिलने की बात कही। उन्होंने कॉलेजों में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और कैंपस को बेहतर बनाने की मांग की।

 

करियर गाइडेंस और विद्यार्थी सहायता केंद्र भी निशाने पर

संगठन ने कॉलेजों में करियर गाइडेंस सेल और विद्यार्थी सहायता केंद्रों की स्थिति को लेकर भी सवाल उठाए। अभाविप का कहना है कि विद्यार्थियों को पढ़ाई, दस्तावेज और दूसरी समस्याओं के समाधान के लिए कई बार परेशान होना पड़ता है। परिषद ने मांग की कि ऐसे केंद्र नियमित रूप से काम करें और छात्रों को समय पर मदद मिले।

‘विद्यार्थियों का भविष्य सबसे जरूरी’

अभाविप की भोपाल महानगर मंत्री आरती ठाकुर ने कहा कि यह मुद्दा केवल सुविधाओं तक सीमित नहीं है, बल्कि विद्यार्थियों के भविष्य से जुड़ा है। उन्होंने स्वच्छ पानी, बेहतर शौचालय, छात्राओं और दिव्यांग विद्यार्थियों के लिए सुविधाएं, अच्छी कक्षाएं, लाइब्रेरी, प्रयोगशाला, खेल और सुरक्षा को जरूरी बताया। उन्होंने कहा कि मांगें पूरी होने तक परिषद अपनी आवाज उठाती रहेगी।

ये भी पढ़ें: महंगाई के खिलाफ इंदौर में कांग्रेसियों का अनोखा प्रदर्शन: निकाली बाइक की ‘शवयात्रा’

सरकार से सर्वे और समयबद्ध योजना की मांग

ज्ञापन में अभाविप ने प्रदेश के सभी शासकीय महाविद्यालयों में मूलभूत सुविधाओं का सर्वे कराने की मांग की है। संगठन चाहता है कि जिन कामों के लिए बजट की जरूरत है, उनके लिए समयसीमा तय कर राशि उपलब्ध कराई जाए। परिषद ने साफ किया कि ‘विद्यार्थी हुंकार अभियान’ की शुरुआत हो चुकी है और आगे भी विभिन्न तरीकों से अभियान जारी रखा जाएगा।

Aditi Rawat
By Aditi Rawat

अदिति रावत | MCU, भोपाल से M.Sc.(न्यू मीडिया टेक्नॉलजी) | एंकर, न्यूज़ एक्ज़िक्यूटिव की जिम्मेदारिय...Read More

Latest Posts