Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

अच्छाई रूपी राम के तीर ने बुराई के प्रतीक रावण, कुंभकर्ण व मेघनाद का किया वध

दशहरा उत्सव धूमधाम से मनाया, रंग-बिरंगी हुई आतिशबाजी
Follow on Google News
अच्छाई रूपी राम के तीर ने बुराई के प्रतीक रावण, कुंभकर्ण व मेघनाद का किया वध

भोपाल। विजयादशमीं पर्व मंगलवार को धूमधाम से मनाया। विजय जुलूस निकाले और राम-रावण युद्ध का दशहरा मैदानों में मंचन व रावण, कुंभकर्ण और मेघनाद के पुतलों का दहन किया गया। जय श्री राम के जयकारे गूंजे। आसमान में रंगारंग आतिशबाजी से रोमांचित हो उठे। माता-पिता के संग बच्चे रावण दहन देखने पहुंचे थे। कई जगह सांस्कृतिक कार्यक्रम हुए।

छोला मैदान : छोला मैदान में देर रात को रावण दहन हुआ। यहां पर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान शामिल हुए। उन्होंने दशहरा पर्व का महत्व बताते हुए महिलाओं का सम्मान सबसे जरूरी बताया। भगवान राम ने बाण चलाकर रावण को मारा। इस दौरान समूचे मैदान में चारों ओर भगवान राम के जयकारे गूंजे।

चल समारोह : श्री हिंदू उत्सव समिति द्वारा बांके बिहारी मंदिर से चल समारोह प्रारंभ हुआ। ये एक किलोमीटर लंबा था। महामंत्री सुबोध जैन ने बताया कि समारोह में ढोल, बैंड, ताशे, पुलिस बैंड, घुड़सवार, नृत्यरत घोड़े, ध्वज, पताकाएं, गणेशजी की झांकी, मेघनाथ, कुंभकर्ण, रावण अपने दलों के साथ चल रहे थे। पुलिस बैंड के साथ भगवान श्रीराम का रथ शोभा बढ़ा रहे थे। नृत्य करते घोड़े सभी का मन मोह रहे थे।

अखाड़ों ने दिखाए करतब : आगे डेढ़ दर्जन अखाड़े कतारबद्ध प्रदर्शन करते चल रहे थे। इनमें राम बजरंग अखाड़ा-बरखेड़ी, लवकुश अखाड़ा टीला जमालपुरा, खेड़ापति हनुमान अखाड़ा, श्रीकृष्ण अर्जुन अखाड़ा बरखेड़ी, मुकुटबंद महाराणा प्रताप अखाड़ा-इब्राहिमपुरा,श्रीपवनपुत्र हनुमान अखाड़ा-छोला नाका सहित लगभग डेढ़ दर्जन अखाड़ा करतब दिखाते शोभा बढ़ा रहे थे। उन्हें पुरस्कृत भी किया गया।

सलैया बावड़िया कला में जला 71 फीट का रावण : कोलार क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले सलैया बावड़िया कला में लगातार दूसरे वर्ष भव्य एवं विशाल दशहरा उत्सव मनाया गया। श्री हिंदू धर्म उत्सव समिति के तत्वावधान में दशहरा उत्सव का आयोजन किया गया। समिति के अध्यक्ष प्रदीप पाटीदार ने बताया कि मुबंई से आए कलाकारों ने विशेष प्रस्तुति दी। कपिल शर्मा शो में अक्षय कुमार का डुप्लीकेट रोल करने वाले विकल्प मेहता ने अभिनय से सबका मन मोह लिया।

टीटी नगर दशहरा मैदान में रावण दहन : टीटी नगर दशहरा उत्सव समिति द्वारा न्यू मार्केट स्थित दशहरा मैदान में रावण दहन किया गया। आतिशबाजी का रंगा- रंगा कार्यक्रम इस अवसर पर हुआ। इसमें आसमान में रंगबिरंगी आतिशबाजी को देखकर लोग खुशी से झूम उठे।

बिट्टन मार्केट में 58 फीट के रावण का दहन

बिट्ठल मार्केट में दशहरा उत्सव समिति ने रावण दहन किया। श्रीराम द्वारा रावण वध किया। इस अवसर पर आकर्षक आसमानी आतिशबाजी की गई। सैकड़ों लोगों के लिए यह आकर्षण का केन्द्र बनी रही।

कोलार में सबसे बड़े रावण का दहन

कोलार दशहरा उत्सव समिति के भव्य आयोजन में सैकड़ों लोगों की मौजूदगी में 105 फीट के रावण का दहन किया। आतिशबाजी की विशेष व्यवस्था की, जिसका लोगों ने खूब आनंद उठाया ।

भेल में 51 फीट के रावण का किया गया दहन

भेल क्षेत्र के जंबूरी मैदान में 51 फीट के रावण दहन किया। वहीं, शक्ति नगर, आनंद नगर, अशोका गार्डन, नेहरू नगर, गौतम नगर खेल मैदान, बाग मुगालिया, अरेरा कॉलोनी, ओल्ड कैंपियन ग्राउंड, हर्षवर्धन नगर, गुलमोहर, त्रिलंगा, शाहपुरा में रावण दहन किया।

Javedakhtar Ansari
By Javedakhtar Ansari

Latest Posts