रामाकोना में स्थानापन्न सरपंच का चुनाव शून्य, श्वेता गोहेल ही रहेंगी सरपंच, 15 अगस्त को करेंगी ध्वजारोहण
सौसर विकासखंड की बहुचर्चित ग्राम पंचायत रामाकोना में सरपंच पद को लेकर चल रहा सियासी और प्रशासनिक विवाद अब एक नए मोड़ पर पहुंच गया है। एसडीएम के ताजा आदेश के बाद 29 जून को कराया गया स्थानापन्न सरपंच का चुनाव स्वमेव शून्य घोषित कर दिया गया है। इसके साथ ही श्वेता गगन गोहेल के सरपंच पद पर बने रहने का रास्ता साफ हो गया है। एसडीएम सिद्धार्थ पटेल के आदेश के मुताबिक, वर्तमान में रामाकोना ग्राम पंचायत का सरपंच पद रिक्त नहीं माना जाएगा। ऐसे में श्वेता गोहेल ही सरपंच पद की जिम्मेदारी संभालती रहेंगी और 15 अगस्त को स्वतंत्रता दिवस के मौके पर पंचायत में ध्वजारोहण भी वही करेंगी।
29 जून को हुआ था स्थानापन्न सरपंच का चुनाव
दरअसल रामाकोना ग्राम पंचायत में सरपंच श्वेता गोहेल के खिलाफ वित्तीय अनियमितता से जुड़ा मामला सामने आया था। इसी मामले में जिला पंचायत सीईओ ने 18 जून को श्वेता गोहेल को छह साल के लिए अयोग्य ठहराने का आदेश जारी किया था। इसके बाद 29 जून को स्थानापन्न सरपंच के चुनाव की प्रक्रिया कराई गई। इसमें ज्योति खंडाइत को स्थानापन्न सरपंच निर्वाचित घोषित किया गया था। उस समय यह माना गया कि श्वेता गोहेल के खिलाफ जारी अयोग्यता आदेश के चलते सरपंच का पद रिक्त हो गया है। हालांकि बाद में प्रशासनिक स्तर पर इस मामले की स्थिति स्पष्ट हुई और एसडीएम ने 31 जुलाई को जारी आदेश में अलग स्थिति बताई।
अयोग्यता का आदेश तत्काल प्रभाव से लागू नहीं
एसडीएम के आदेश में कहा गया कि जिला पंचायत सीईओ द्वारा जारी अयोग्यता का आदेश वर्तमान सरपंच के कार्यकाल की समाप्ति के बाद प्रभावी होगा। यानी आदेश जारी होने के साथ ही श्वेता गोहेल तत्काल प्रभाव से सरपंच पद से हट नहीं गई थीं। इस स्थिति में 29 जून को स्थानापन्न सरपंच का चुनाव कराने का आधार ही नहीं बनता था क्योंकि उस समय सरपंच का पद रिक्त नहीं हुआ था। इसी वजह से 29 जून को हुई निर्वाचन प्रक्रिया को अब स्वमेव शून्य घोषित कर दिया गया है।
श्वेता गोहेल बोलीं- 15 अगस्त को मैं ही करूंगी ध्वजारोहण
मामले में सरपंच श्वेता गोहेल ने कहा कि उन्हें तत्काल प्रभाव से पद से हटाए जाने या अयोग्य ठहराए जाने का कोई आदेश प्राप्त नहीं हुआ था। उनका कहना है कि वे वर्तमान में सरपंच पद की जिम्मेदारी संभाल रही हैं और प्रशासन के आदेश के बाद स्थिति भी स्पष्ट हो गई है। श्वेता गोहेल ने कहा कि वह 15 अगस्त को रामाकोना ग्राम पंचायत में विधिवत और गरिमापूर्ण तरीके से ध्वजारोहण करेंगी।
एक महीने बाद चुनाव रद्द होने से राजनीतिक चर्चा तेज
29 जून को हुए चुनाव के करीब एक महीने बाद उसे शून्य घोषित किए जाने के बाद रामाकोना में राजनीतिक चर्चाएं भी तेज हो गई हैं। स्थानापन्न सरपंच के चुनाव से लेकर एसडीएम के ताजा आदेश तक पूरे घटनाक्रम ने पंचायत की राजनीति को गरमा दिया है।














