Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

IPL 2026 : 15289 करोड़ रुपए में बिक गई राजस्थान रॉयल्स, काल सोमानी के ग्रुप ने खरीदा

राजस्थान रॉयल्स की फ्रेंचाइजी बिक गई है। अमेरिकी बिजनेसमैन काल सोमानी की लीडरशिप वाले एक ग्रुप ने फ्रेंचाइजी पर 15 हजार करोड़ से ज्यादा की बोली लगाकर इसे खरीदा।
15289 करोड़ रुपए में बिक गई राजस्थान रॉयल्स, काल सोमानी के ग्रुप ने खरीदा
    यह सारांश आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस द्वारा तैयार किया गया है और हमारी टीम द्वारा रिव्यू की गई है।

    स्पोर्ट्स डेस्क। इंडियन प्रीमियर लीग की पहली चैंपियन टीम राजस्थान रॉयल्स को लेकर बड़ा निवेश सामने आया है। अमेरिकी कारोबारी काल सोमानी की अगुवाई वाले कंसोर्टियम ने फ्रेंचाइजी को खरीदने की बोली जीत ली है। इस समूह ने राजस्थान रॉयल्स के लिए 1.63 बिलियन डॉलर यानी करीब 15,282 करोड़ रुपए की बोली लगाई। आईपीएल 2026 सीजन में टीम रियान पराग की कप्तानी में मैदान पर उतरने की तैयारी कर रही है। लीग की शुरुआत 28 मार्च से होने वाली है।

    पहले से निवेशक रहे काल सोमानी 

    काल सोमानी पहले से ही राजस्थान रॉयल्स से जुड़े रहे हैं। उन्होंने वर्ष 2021 में इस फ्रेंचाइजी में निवेश किया था और तब से टीम के भविष्य को लेकर आशावादी रहे हैं। उनके नेतृत्व वाले समूह में अमेरिकी उद्योगपति रॉब वाल्टन और हैम्प परिवार भी शामिल है। रॉब वाल्टन विश्व प्रसिद्ध कारोबारी सैम वाल्टन के बड़े बेटे हैं और दुनिया के प्रमुख अरबपतियों में गिने जाते हैं। इस निवेश को आईपीएल के बढ़ते प्रभाव और खेल कारोबार के विस्तार के रूप में देखा जा रहा है।

    काल सोमानी की कहानी 

    काल सोमानी का जन्म भारत में हुआ, लेकिन आज वे अमेरिका के एरिजोना राज्य के स्कॉट्सडेल शहर में रहते हैं। 16 वर्ष की उम्र में उनके सिर से पिता का साया उठ गया था, जिसके बाद उन्होंने कठिन परिस्थितियों में अपने सपनों को आगे बढ़ाया। वर्ष 1998 में वे भारत से अमेरिका चले गए और वहां अपनी पहचान बनाई। उनके करियर की कहानी संघर्ष, मेहनत और दूरदर्शिता का उदाहरण मानी जाती है।

    टेक्नोलॉजी और स्पोर्ट्स में मजबूत पकड़ 

    पिछले 15 वर्षों में काल सोमानी ने एड-टेक, डेटा प्राइवेसी, एआई गवर्नेंस और स्पोर्ट्स टेक जैसे क्षेत्रों में कई कंपनियों की स्थापना और नेतृत्व किया है। वे ग्लोबल टेक सर्विसेज कंपनी इंट्राएज, प्राइवेसी कंप्लायंस प्लेटफॉर्म ट्रूयो, और एड-टेक सर्विस प्रदाता एकेडेमियन के संस्थापक हैं। इसके अलावा वे मोटर सिटी गोल्फ क्लब के सह-मालिक हैं और खेल से जुड़े कई बड़े निवेशों का हिस्सा भी रहे हैं।

    आईपीएल में राजस्थान रॉयल्स का प्रदर्शन 

    राजस्थान रॉयल्स ने IPL 2008 में महान स्पिनर शेन वॉर्न की कप्तानी में खिताब जीता था। हालांकि इसके बाद टीम का प्रदर्शन उतार-चढ़ाव भरा रहा। टीम 2022 में एक बार फाइनल तक पहुंची, लेकिन खिताबी मुकाबले में गुजरात टाइटंस के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा। इसके अलावा फ्रेंचाइजी को 2016 और 2017 में प्रतिबंध का सामना भी करना पड़ा था। 

    Naresh Bhagoria
    By Naresh Bhagoria

    नरेश भगोरिया। 27 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हूं। माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता विश्ववि...

    Latest Posts