Putin India Visit :PM मोदी से खास मुलाकात, डिफेंस डील और बिजनेस फोरम… दिल्ली में पुतिन का आज का पूरा शेड्यूल

नई दिल्ली। रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन अपनी दो दिवसीय राजकीय यात्रा पर भारत पहुंच चुके हैं। गुरुवार शाम दिल्ली पहुंचने पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एयरपोर्ट जाकर उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। दोनों नेताओं के बीच हुई यह मुलाकात भारत-रूस संबंधों की मजबूती का स्पष्ट संदेश देती है। आज India-Russia Summit का अहम दिन है, जिसमें कई बड़े फैसलों और समझौतों पर मुहर लगने की संभावना है।
पुतिन के आज के कार्यक्रम
रूसी राष्ट्रपति पुतिन का आज का दिन कई अहम मीटिंग्स और कार्यक्रमों से भरा हुआ है। इस दौरान भारत और रूस के बीच रक्षा, व्यापार, ऊर्जा और परमाणु सहयोग जैसे बड़े क्षेत्रों में महत्वपूर्ण घोषणाएं होने की उम्मीद है।
राष्ट्रपति भवन में औपचारिक स्वागत
सुबह पुतिन का राष्ट्रपति भवन में गार्ड ऑफ ऑनर के साथ औपचारिक स्वागत किया जाएगा। इसके बाद वे राजघाट जाकर महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे। यह परंपरा भारत आने वाले सभी शीर्ष राष्ट्राध्यक्षों के लिए सम्मानजनक हिस्सा है।
हैदराबाद हाउस में 23वां India-Russia Summit
सुबह करीब 11 बजे पीएम मोदी और राष्ट्रपति पुतिन 23वीं भारत-रूस शिखर बैठक में भाग लेंगे। इस बैठक में इन प्रमुख क्षेत्रों पर बातचीत और संभावित समझौते होंगे-
- व्यापार और निवेश।
- रक्षा सहयोग।
- ऊर्जा सुरक्षा।
- परमाणु ऊर्जा साझेदारी।
- अंतरिक्ष और तकनीकी सहयोग।
- रणनीतिक साझेदारी को और मजबूत करना।
मीटिंग के बाद दोनों नेता संयुक्त बयान जारी करेंगे।
India-Russia Business Forum को करेंगे संबोधित
दोपहर करीब 4 बजे दोनों नेता इंडिया-रशिया बिजनेस फोरम को संबोधित करेंगे। यह कार्यक्रम भारत मंडपम में होगा, जहां प्रमुख उद्योगपतियों और बिजनेस लीडर्स के साथ मुलाकात होगी। चर्चा का मुख्य एजेंडा-
- द्विपक्षीय व्यापार बढ़ाना।
- नए निवेश अवसर।
- ऊर्जा और तकनीकी सेक्टर में संयुक्त प्रोजेक्ट।
यूरेशियन इकोनॉमिक यूनियन के साथ बैठक
आज एक अहम बैठक यूरेशियन इकोनॉमिक यूनियन (EAEU) के साथ भी होगी, जिसमें इन मुद्दों पर बात होगी-
- मुक्त व्यापार समझौता (FTA)।
- रूसी सेना में फंसे भारतीय नागरिकों की सुरक्षित वापसी।
- सिविल न्यूक्लियर कोऑपरेशन।
- रक्षा संबंधों को और मजबूत करने पर चर्चा।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू देंगी स्टेट डिनर
शाम करीब 7 बजे राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू राष्ट्रपति पुतिन के सम्मान में राजकीय भोज का आयोजन करेंगी। यह औपचारिक डिनर दोनों देशों की कूटनीतिक गर्मजोशी को और मजबूत करेगा।
पुतिन का भारत से प्रस्थान
इतने घंटे भारत में बिताने के बाद राष्ट्रपति पुतिन रात करीब 9 बजे मॉस्को के लिए रवाना हो जाएंगे।











