Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

Bhopal : IAS संतोष वर्मा के खिलाफ मंत्रालय के बाहर प्रदर्शन, शंख और झालर बजाते दिखा ब्राह्मण समाज

मंत्रालय अधिकारी कर्मचारी संघ के अध्यक्ष सुधीर नायक का कहना है कि बेटियों के प्रति अभद्र गंदी टिप्पणी करने के और कई प्रकार के फर्जीवाड़े उजागर हो जाने के बावजूद ,आईएएस अधिकारी संतोष वर्मा के विरुद्ध 18 दिन बाद भी कोई कार्रवाई नहीं की गई है।
 IAS संतोष वर्मा के खिलाफ मंत्रालय के बाहर प्रदर्शन, शंख और झालर बजाते दिखा ब्राह्मण समाज
AI जनरेटेड सारांश
    यह सारांश आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस द्वारा तैयार किया गया है और हमारी टीम द्वारा रिव्यू की गई है।

    भोपाल। IAS संतोष कुमार वर्मा के दिए विवादित बयान के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग को लेकर शुक्रवार दोपहर मंत्रालय के गेट नंबर 6 पर सकल ब्राह्मण समाज संयुक्त मोर्चा और सामान्य वर्ग के कर्मचारियों ने शंखनाद कार्यक्रम किया। प्रदर्शनकारियों ने प्रशासन को जगाने के प्रतीक के रूप में शंख और झालर बजाकर विरोध दर्ज कराया। इस दौरान हनुमान चालीसा पाठ भी किया गया।

    आयोजकों ने बताया कि कार्यक्रम से पहले यह फैसला लिया गया कि जब तक संतोष वर्मा के खिलाफ कार्रवाई से जुड़े दस्तावेज उपलब्ध नहीं कराए जाते, तब तक आंदोलन जारी रहेगा। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि उनकी मांगों को गंभीरता से लेकर सरकार को जल्द कार्रवाई करनी चाहिए।

    IAS के बर्खास्तगी का प्रस्ताव केंद्र को भेजेगी सरकार

    बता दें कि ब्राह्मण संगठनों द्वारा तीन दिवसीय चरणबद्ध आंदोलन की घोषणा के बाद गुरुवार देर रात बड़ा प्रशासनिक फैसला लिया गया। मुख्यमंत्री के निर्देश पर आईएएस संतोष कुमार वर्मा को कृषि विभाग के उप सचिव पद से हटाकर सामान्य प्रशासन विभाग में भेजते हुए तत्काल प्रभाव से एकपक्षीय कार्यमुक्त करने का आदेश जारी किया गया।

    इसके अलावा, सीएम ने सामान्य प्रशासन विभाग (GAD) को निर्देश दिया कि वर्मा को सेवा से बर्खास्त करने का प्रस्ताव केंद्र सरकार को भेजा जाए। इसी निर्देश के बाद विभाग ने वर्मा के खिलाफ कार्रवाई के आधार तैयार करना शुरू कर दिया है। इनमें राज्य प्रशासनिक सेवा (SAS) से भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS) में पदोन्नति के लिए फर्जी और जाली आदेश तैयार करने के आरोप, और विभिन्न न्यायालयों में लंबित आपराधिक प्रकरणों का विवरण शामिल है। इन बिन्दुओं को आधार बनाकर बर्खास्तगी का प्रस्ताव जल्द केंद्र को भेजा जा सकता है।

    वल्लभ भवन प्रशासन को दी गई सूचना

    मंत्रालय के सामने किए जाने वाले इस प्रदर्शन की सूचना पहले ही पुलिस और वल्लभ भवन प्रशासन को दे दी गई थी। IAS संतोष वर्मा के खिलाफ कार्रवाई की मांग अब और तेज होने वाली है। इसी मुद्दे को लेकर 14 दिसंबर को सीएम हाउस का घेराव किया जाएगा। इसके लिए प्रदेश के सभी जिलों से सकल ब्राह्मण समाज और सर्व समाज के लोगों को बुलाया गया है।

    आयोजकों ने बताया कि यह विरोध बेटियों के प्रति अभद्र टिप्पणी करने वाले अधिकारी पर सख्त कार्रवाई की मांग को लेकर किया जा रहा है। समाज का कहना है कि जब तक ठोस कदम नहीं उठाए जाते, आंदोलन चरणबद्ध तरीके से जारी रहेगा।

    Aakash Waghmare
    By Aakash Waghmare

    आकाश वाघमारे | MCU, भोपाल से स्नातक और फिर मास्टर्स | मल्टीमीडिया प्रोड्यूसर के तौर पर 3 वर्षों का क...Read More

    Latest Posts