चंडीगढ़ में प्रदर्शन से पहले किसानों नेताओं पर पुलिस की कार्रवाई, कई हिरासत में तो कई नजरबंद, कल पंजाब सीएम से हुई थी बहस

Follow on Google News
चंडीगढ़ में प्रदर्शन से पहले किसानों नेताओं पर पुलिस की कार्रवाई, कई हिरासत में तो कई नजरबंद, कल पंजाब सीएम से हुई थी बहस
चंडीगढ़। पंजाब में किसान संगठनों और सरकार के बीच टकराव बढ़ता जा रहा है। मुख्यमंत्री भगवंत मान और संयुक्त किसान मोर्चा (SKM) के बीच हुई बैठक के बाद स्थिति और तनावपूर्ण हो गई। सोमवार को मीटिंग के दौरान बहस के बाद मुख्यमंत्री बैठक छोड़कर चले गए, जिससे किसान संगठनों में असंतोष फैल गया। इसके बाद मंगलवार सुबह कई किसान नेताओं को हिरासत में लिया गया और कुछ को उनके घरों में नजरबंद कर दिया गया।

पंजाब सरकार और किसानों के बीच विवाद की शुरुआत

सोमवार को चंडीगढ़ में किसान नेताओं और मुख्यमंत्री भगवंत मान के बीच बैठक हुई थी। किसानों ने अपनी 18 मांगें रखीं, जिनमें से केवल 8 पर चर्चा हुई। मुख्यमंत्री ने किसानों से पूछा कि क्या वे अपना प्रदर्शन जारी रखेंगे, जिस पर किसानों ने हां में जवाब दिया। इसके बाद भगवंत मान ने यह कहते हुए बैठक छोड़ दी कि उनकी डॉक्टर से अपॉइंटमेंट है। किसान नेताओं का आरोप है कि मुख्यमंत्री बहस से बचने के लिए बैठक से चले गए। इस घटना के बाद पुलिस ने कई किसान नेताओं के घरों पर छापेमारी की और कई को हिरासत में ले लिया, जिससे किसान संगठनों में आक्रोश फैल गया।

कई नेता हिरासत में

मंगलवार सुबह पुलिस ने किसान मजदूर मोर्चा (KMM) के नेता दिलबाग सिंह गिल को घर में नजरबंद कर दिया। इसके अलावा, भारतीय किसान यूनियन (एकता उगराहां) के अध्यक्ष जोगिंदर सिंह उगराहां के घर भी पुलिस पहुंची, लेकिन वह वहां नहीं मिले। भारतीय किसान यूनियन (राजेवाल ग्रुप) के उप प्रधान मुकेश चंद शर्मा ने बताया कि उनके घर पर भी छापेमारी हुई। उन्होंने दावा किया कि पुलिस ने उनके साथियों जंगवीर चौहान और वीरपाल ढिल्लों को हिरासत में ले लिया।

पुलिस कार्रवाई की किसानों ने की निंदा

भारतीय किसान यूनियन (क्रांतिकारी) की महासचिव सुखविंदर कौर ने बताया कि राज्यभर में किसान नेताओं के घरों पर पुलिस ने छापेमारी की है और कई नेताओं को गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तार किए गए नेताओं में बलवंत सिंह महाराज, जरनैल सिंह कालके, अशोक भारती, रणजीत सिंह (पटियाला जिले के प्रधान), सुरेंद्र (सचिव) और इंद्र मोहन (जिला कमेटी मेंबर) शामिल हैं। इसके अलावा, पाल सिंह गोलियाआला और गुरजीत सिंह मोगा को भी हिरासत में लिया गया है।

CM भगवंत मान ने कहा- राज्य सरकार किसानों के साथ

मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कहा कि पंजाब सरकार किसानों के साथ खड़ी है, लेकिन उनकी अधिकांश मांगें केंद्र सरकार से संबंधित हैं। उन्होंने कहा कि बार-बार सड़कों और रेलवे ट्रैकों को जाम करने से पंजाब के व्यापारियों और उद्योगपतियों को भारी नुकसान हो रहा है।

5 मार्च को बड़ा प्रदर्शन, 101 किसान करेंगे भूख हड़ताल

किसानों ने ऐलान किया है कि 5 मार्च को चंडीगढ़ में बड़ा प्रदर्शन किया जाएगा। इसके अलावा, शंभू और खनौरी बॉर्डर पर किसानों का धरना जारी है। किसान नेता जगजीत सिंह डल्लेवाल पिछले 99 दिनों से आमरण अनशन पर हैं। 100 दिन पूरे होने पर 5 मार्च को 101 किसान एक दिन की भूख हड़ताल पर बैठेंगे। ये भी पढे़ं-यूपी विधानसभा बजट सत्र का 9वां दिन, गुटखा खाकर थूकने पर नाराज हुए स्पीकर सतीश महाना, बोले- मैंने CCTV में देखा, विधायक आकर खुद माफी मांग लें
Wasif Khan
By Wasif Khan

फिलहाल जुलाई 2024 से पीपुल्स अपडेट में सब-एडिटर हूं। बीते 3 वर्षों से मीडिया में सक्रिय हूं। 12वीं म...Read More

नई दिल्ली
--°
बारिश: -- mmह्यूमिडिटी: --%हवा: --
Source:AccuWeather
icon

Latest Posts