एक बार फिर अंधविश्वास ने ली जान... सिर और धड़ अलग देखकर हैरान रह गए लोग, तांत्रिक ने क्रूरता के साथ अधेड़ की बलि दे दी

सिंगरौली। मध्य प्रदेश में एक बार फिर अंधविश्वास के कारण एक व्यक्ति की बलि दे दी गई। ताजा मामला सिंगरौली जिले से सामने आया है, यहां तांत्रिक ने बेरहमी और क्रूरता के साथ तंत्र क्रिया के तहत मानव की बलि दे दी। हत्या के बाद घटनास्थल पर व्यक्ति का सिर और धड़ अलग-अलग पड़ा मिला है। इस घटना की जिस भी व्यक्ति को सूचना मिली वो हैरान रह गया।
सिर और धड़ अलग मिला
जानकारी के मुताबिक, यह सनसनीखेज मामला सिंगरौली के चितरंगी थाना के सुदा गांव का है। तांत्रिक और मृतक आपस में रिश्तेदार हैं। रविवार को व्यक्ति ने तांत्रिक को झाड़ फूंक के लिए अपने घर बुलाया था। ओझा रामचंद्र पनिका नाम के व्यक्ति की झाड़-फूंक कर रहा था। झाड़-फूंक के दौरान ओझा ने शख्स को झुकने के लिए कहा। व्यक्ति जैसे ही पूजा के समय झुकता है, ओझा धारदार हथियार से पहले उसकी गर्दन पर धीरे से प्रहार करता है। इसके बाद एक बार और ओझा मंत्र पढ़ते हुए प्रहार कर उसके सिर को धड़ से अलग कर देता है। जिससे रामचंद्र की मौके पर ही मौत हो जाती है। घटना के बाद गांव में सन्नाटा पसरा हुआ है।











