ताजा खबरमध्य प्रदेश

मंदसौर में अफीम के लिए बुजुर्ग महिला की हत्या, 14 लाख की 7 किलो अफीम लेकर फरार हुए हमलावर

मंदसौर। मध्यप्रदेश के मंदसौर से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां अज्ञात बदमाशों ने घर में घुस कर 70 साल की एक बुजुर्ग महिला की हत्या कर दी और उसके घर में रखी 7 किलो अफीम लेकर फरार हो गया। अफीम की कीमत 14 लाख रुपए बताई जा रही है। घटना पिपलिया मंडी थाना क्षेत्र के लसूड़िया गांव की बताई जा रही है। फिलहाल पुलिस इस पूरे मामले की गहराई से पड़ताल जांच कर रही है। पुलिस इस एंगल से भी घटना की जांच कर रही है कि इस वारदात को किसी एक शख्स ने अंजाम दिया या एक से ज्यादा लोगों ने।

खून में लथपथ पड़ा था महिला का शव

वृद्ध महिला का नाम चंद्र कुंवर है और उसके नाम आधा बीघा जमीन पर अफीम का पट्टा है, जिसे उसने गांव के ही प्रहलाद प्रजापत को बटाई में दिया था। महिला अपने दो बेटों बलवंत सिंह और महेंद्र सिंह के साथ राजस्थान के निम्बाहेड़ा में रहती है। उसके दोनों बेटे जेके सीमेंट फैक्ट्री में काम करते हैं। मृतक महिला राजस्थान से अफीम की खेती के लिए करीब डेढ़ महीने पहले लसूड़िया आई थी और तब से यहां अकेले ही रह रही थी। जब बटाईदार प्रहलाद प्रजापत गुरुवार सुबह महिला को अफीम जमा कराने की तारीख बताने उसके घर पहुंचा तो दरवाजा खुला हुआ था। उसने जैसे ही घर के अंदर झांक कर देखा तो घबरा गया। बुजुर्ग महिला की लाश फर्श पर खून से लथपथ पड़ी थी। इसके बाद प्रहलाद ने पुलिस को सूचना दी।

पोस्टमार्टम के लिए भेजा शव

मौके पर पहुंची पुलिस ने शव बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पुलिस की पूछताछ में पता चला कि घर में रखी 14 लाख रुपए की 7 किलो अफीम भी गायब है। पुलिस का कहना है कि अफीम के लिए ही वृद्धा की हत्या की गई है। फिलहाल पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरु कर दी है। प्रारंभिक जांच के मुताबिक इस वारदात को बुधवार-गुरूवार की दरम्यानी रात अंजाम दिया गया। फिलहाल लाश को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है और पोस्टमार्टम की रिपोर्ट के बाद खुलासा होगा कि महिला की हत्या किस हथियार से की गई ?

ये भी पढ़ें-महाकाल मंदिर के गर्भगृह में केमिकल वाला गुलाल उड़ाने से आग भड़की थी… जांच कमेटी ने कलेक्टर को सौंपी प्रारंभिक रिपोर्ट; CCTV फुटेज से इसके सबूत मिले

संबंधित खबरें...

Back to top button