ऑस्ट्रेलिया में दूसरी बार हिरासत में लिए गए Novak Djokovic, आम लोगों के लिए बताया खतरा; वीजा भी किया रद्द

ऑस्ट्रेलिया में दूसरी बार हिरासत में लिए गए Novak Djokovic, आम लोगों के लिए बताया खतरा; वीजा भी किया रद्द
दुनिया के स्टार टेनिस खिलाड़ी नोवाक जोकोविच को ऑस्ट्रेलिया में एक बार फिर हिरासत में लिया गया है। ऑस्ट्रेलिया सरकार ने दूसरी बार उनका वीजा रद्द कर उन्हें आम लोगों के लिए खतरा बताया था। इसके खिलाफ जोकोविच ने ऑस्ट्रेलियाई अदालत में अपील की थी और अब सुनवाई से पहले उन्हें फिर से हिरासत में लिया गया है। जोकोविच के वकील ने यह जानकारी दी है।

अब कोर्ट में होगा फैसला

अब ऑस्ट्रेलियाई अदालत यह तय करेगी कि जोकोविच कोरोना का टीका लगवाए बिना ऑस्ट्रेलिया में रह सकते हैं या नहीं। इससे पहले वैक्सीनेशन नहीं होने पर ऑस्ट्रेलिया के इमिग्रेशन मिनिस्टर एलेक्स हॉक ने नोवाक जोकोविच का वीजा रद्द करते हुए कहा था कि उन्होंने जनहित में यह कदम उठाया है।

सोमवार को टूर्नामेंट में होना है शामिल

जोकोविच के वकील ने सरकार के इस फैसले को 'तर्कहीन' बताते हुए कोर्ट में इसके खिलाफ अपील की है, जिसकी सुनवाई रविवार को होगी। जोकोविच को ऑस्ट्रेलिया ओपन में सोमवार को शामिल होना है। अगर जोकोविच इस टूर्नामेंट को 10वीं बार जीतते हैं, तो वे ऐसा करने वाले पहले टेनिस खिलाड़ी बन जाएंगे।

केस हार गए तो क्या होगा

अगर नोवाक कोर्ट में भी केस हार जाते हैं तो उनका वीजा तो रद्द होगा ही, इसके साथ ही साथ ऑस्ट्रेलिया का वीजा तीन साल के लिए प्रतिबंधित भी किया जा सकता है।

क्या है पूरा मामला ?

ऑस्ट्रेलिया में वैक्सीन को लेकर नियम सख्त हैं। ऐसे में जोकोविच ने अब तक कोरोना की वैक्सीन नहीं लगवाई है। जोकोविच ने मेडिकल परेशानी की हवाला देते हुए कहा कि वो फिलहाल वैक्सीन नहीं लगवा सकते। इस आधार पर उन्हें ऑस्ट्रेलियन ओपन में खेलने की छूट मिल गई थी। जोकोविच के ऑस्ट्रेलिया पहुंचने के बाद उनसे मेडिकल परेशानी के सबूत मांगे गए। यहां पर उनकी तरफ से कहा गया कि 16 दिसंबर को ही उन्हें कोरोना हुआ था। ऐसे में वो फिलहाल वैक्सीन नहीं लगवा सकते। इसके बाद उन्हें एयरपोर्ट में ही रोक लिया गया और उनका वीजा रद्द कर दिया गया। वीजा रद्द होने के बाद जोकोविच 4 दिन तक आव्रजन विभाग के होटल में रुके थे और इस फैसले को कोर्ट में चुनौती दी। सुनवाई के बाद अदालत ने जोकोविच को सही ठहराया। उनके सारे कागज लौटाने का आदेश दिया गया। इसके बाद ऑस्ट्रेलियाई सरकार ने दूसरी बार इस खिलाड़ी का वीजा रद्द कर दिया और उन्हें फिर से हिरासत में लिया गया।

कोरोना संक्रमित होने के बावजूद पत्रकार से मिले थे

दिसंबर 2021 में जोकोविच की रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आई थी। इसके बाद वो सर्बिया के कई कार्यक्रमों में शामिल हुए थे। जोकोविच ने खुद माना था कि उन्होंने पॉजिटिव रहते हुए भी एक पत्रकार से मुलाकात की थी। उन्होंने ऑस्ट्रेलिया में प्रवेश करने के लिए इमिग्रेशन फॉर्म में गलतियां भी की थीं। इसी वजह से ऑस्ट्रेलिया पहुंचते ही उनका वीजा रद्द कर दिया गया था। ये भी पढ़ें- 74th Army Day : सेना दिवस पर पीएम मोदी ने बहादुर जवानों को किया सलाम, कहा- उनके योगदान पर देश को गर्व है

सफाई में कही ये बात

इस मामले पर सफाई देते हुए जोकोविच ने कहा था "मैंने रैपिड टेस्ट करवाए थे, जिसके नतीजे निगेटिव आए थे। बाद में एक जांच में मुझे कोरोना पॉजिटिव पाया गया तो मैने सावाधानी बरती थी। मुझे कोरोना के कोई लक्षण नहीं थे। मेरी सहयोगी टीम की भूल की वजह से यात्रा दस्तावेजों में गलती हुई थी। मेरा एजेंट गलत बॉक्स में निशान लगाने की गलती के लिए क्षमा चाहता है। यह मानवीय भूल है और निश्चित तौर पर ऐसा जानबूझकर नहीं किया गया। इस मामले को स्पष्ट करने के लिए टीम ने ऑस्ट्रेलियाई सरकार को अतिरिक्त जानकारी उपलब्ध कराई है।
Manisha Dhanwani
By Manisha Dhanwani

मनीषा धनवानी | जागरण लेकसिटी यूनिवर्सिटी से BJMC | 6 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव में सब-एडिटर, एंकर, ...Read More

Latest Posts