NEET-UG 2026 पेपर लीक केस :पुणे से गिरफ्तार आरोपी मनीषा हवलदार 6 दिन की CBI हिरासत में

NEET-UG 2026 पेपर लीक मामले में जांच कर रही सीबीआई को बड़ी सफलता मिली है। एजेंसी ने पुणे से गिरफ्तार आरोपी मनीषा संजय हवलदार को सोमवार को दिल्ली की राउज एवेन्यू कोर्ट में पेश किया। कोर्ट ने उसे 6 दिन की सीबीआई हिरासत में भेज दिया है।
24 मई को पुणे से हुई थी गिरफ्तारी
सीबीआई ने मनीषा संजय हवलदार को 24 मई को पुणे से गिरफ्तार किया था। जांच एजेंसी के मुताबिक, वह नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) के पैनल में शामिल फिजिक्स ट्रांसलेटर थी। सीबीआई का आरोप है कि मनीषा भौतिकी का पेपर तैयार करने और लीक हुए पेपर को आगे प्रसारित करने में शामिल थी।
कोर्ट में CBI ने क्या कहा?
राउज एवेन्यू कोर्ट में पेशी के दौरान सीबीआई ने कहा कि मामले की जांच अभी जारी है और आरोपी से पूछताछ जरूरी है। एजेंसी ने सह-आरोपियों के साथ आमना-सामना कराने और पेपर लीक नेटवर्क की जानकारी जुटाने के लिए 6 दिन की पुलिस हिरासत मांगी। कोर्ट ने सीबीआई की दलीलों को स्वीकार करते हुए मनीषा को 6 दिनों की हिरासत में भेज दिया।
आरोपी के वकील ने किया विरोध
मनीषा हवलदार के वकील ने सीबीआई की रिमांड अर्जी का विरोध किया। हालांकि, कोर्ट ने मामले की गंभीरता को देखते हुए सीबीआई को हिरासत दे दी।
पहले भी हो चुकी है गिरफ्तारी
इससे पहले 17 मई को कोर्ट ने एक अन्य आरोपी मनीषा मंधारे को 14 दिनों की सीबीआई हिरासत में भेजने का आदेश दिया था। NEET-UG 2026 पेपर लीक मामले में सीबीआई लगातार अलग-अलग राज्यों में छापेमारी और पूछताछ कर रही है। मामले में कई और गिरफ्तारियां होने की संभावना जताई जा रही है।











