डॉ. मनमोहन सिंह का स्मारक बनाने की प्रक्रिया शुरू, केंद्र सरकार द्वारा परिवार से मांगी गई सहमति, मल्लिकार्जुन खड़गे ने लिखा था पत्र

पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह का स्मारक बनाने के लिए जमीन आवंटन की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, केंद्र सरकार ने डॉ. सिंह के परिवार को कुछ स्थान सुझाए हैं, जिनमें से एक का चयन करने के बाद आगे की कार्रवाई होगी। संभावना है कि स्मारक गांधी-नेहरू परिवार की समाधियों के पास बनाया जाएगा। इसके लिए शहरी विकास मंत्रालय के अधिकारियों ने राजघाट और आसपास का दौरा किया है। स्मारक के लिए एक से डेढ़ एकड़ जमीन आवंटित की जा सकती है। नई नीति के तहत, जमीन केवल किसी ट्रस्ट को ही दी जा सकती है। इसलिए पहले ट्रस्ट का गठन करना आवश्यक होगा, और आवेदन भी ट्रस्ट की ओर से किया जाएगा।
खड़गे ने लिखा मोदी-शाह को पत्र
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने 27 दिसंबर की शाम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह को पत्र लिखा। उन्होंने अनुरोध किया था कि डॉ. मनमोहन सिंह का अंतिम संस्कार जहां हो, वहीं उनका स्मारक बनाया जाए। हालांकि, गृह मंत्रालय ने उनका अंतिम संस्कार निगमबोध घाट पर करवाया, जिस पर कांग्रेस ने नाराजगी जताई और इसे पूर्व प्रधानमंत्री का अपमान बताया। साथ ही कांग्रेस अध्यक्ष ने सरकार को पत्र लिखकर एक स्पेशल मेमोरियल बनाने की भी मांग रखी है। केंद्रीय सरकार इसे मंजूर कर चुकी है, लेकिन इसकी प्रक्रिया में समय लग सकता है। इसके लिए एक ट्रस्ट का गठन करना होगा।












