देश इनोवेशन के अहम... BRICS बिजनेस फोरम में बोले PM मोदी

BRICS बिजनेस फोरम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने समूह की बढ़ती ताकत और बदलती भूमिका पर बात की। उन्होंने कहा कि इस साल BRICS के 20 साल पूरे हो रहे हैं। 2006 में जब इसकी शुरुआत हुई थी, तब इसमें सिर्फ 4 देश थे। आज BRICS और उसके पार्टनर देशों को मिलाकर 21 देशों का परिवार बन चुका है।
दुनिया की अर्थव्यवस्था में BRICS की बड़ी हिस्सेदारी
पीएम मोदी ने कहा कि BRICS देश दुनिया की करीब 50 प्रतिशत आबादी, 40 प्रतिशत GDP और 25 प्रतिशत से ज्यादा ट्रेड का प्रतिनिधित्व करते हैं। पिछले वर्षों में जहां ग्लोबल GDP करीब ढाई गुना बढ़ी है, वहीं BRICS देशों की संयुक्त GDP करीब साढ़े चार गुना बढ़ी है। उन्होंने कहा कि BRICS देश ग्लोबल इनोवेशन और नए समाधान के अहम केंद्र बन रहे हैं। इन देशों में जमीनी स्तर की पहल से लेकर नई और आधुनिक तकनीक तक कई तरह के नए अवसर तैयार हो रहे हैं।
मोदी बोले- बैरियर कम करना और व्यापार बढ़ाना लक्ष्य
पीएम मोदी ने कहा कि BRICS का दायरा, रफ्तार और उम्मीदें लगातार बढ़ रही हैं। भारत में आयोजित यह अब तक का सबसे बड़ा BRICS बिजनेस फोरम है। उन्होंने कहा कि अनिश्चितता के बीच भी भारत तेजी से आगे बढ़ रहा है। UPI ने डिजिटल ट्रांजेक्शन को गति दी है और ऊर्जा व तकनीक के क्षेत्र में भी भारत आगे बढ़ रहा है। पीएम मोदी ने कहा कि भारत मेक इन इंडिया, इनोवेट विद इंडिया और स्केल विद वर्ल्ड पर काम कर रहा है। स्टार्टअप के जरिए भारत ग्लोबल सॉल्यूशन का हब बन रहा है। उन्होंने कहा कि दुनिया में ट्रेड बैरियर बढ़ रहे हैं, लेकिन भारत का ट्रेड ब्रिज भी लगातार मजबूत हो रहा है। BRICS में भी भारत की सोच साफ है- बैरियर कम करना और व्यापार बढ़ाना।
पुतिन बोले- BRICS से मुश्किलों का सामना कर सकते हैं
रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने कहा कि आज दुनिया बड़े बदलावों से गुजर रही है। उनके मुताबिक BRICS के जरिए इन मुश्किलों का सामना किया जा सकता है। उन्होंने BRICS देशों के बीच कारोबार बढ़ाने को अहम लक्ष्य बताया।
ये भी पढ़ें: PM मोदी ने पुतिन को भेंट की तिरुक्कुरल की रूसी कॉपी, तमिल संस्कृति की खास पहचान है ये किताब
रूस पर प्रतिबंधों को लेकर पुतिन का निशाना
पुतिन ने अमेरिका और यूरोप पर सवाल उठाते हुए कहा कि रूस पर गलत प्रतिबंध लगाए गए और व्यापार पर प्रतिबंध लगाना सही नहीं है। उन्होंने कहा कि प्रतिबंधों के बावजूद रूस तेजी से आगे बढ़ रहा है। पुतिन ने यह भी कहा कि पश्चिमी देश प्रतिस्पर्धा से डरते हैं। उन्होंने BRICS की ताकत का जिक्र करते हुए कहा कि इन देशों में दुनिया की करीब आधी आबादी रहती है और GDP के मामले में BRICS G-7 से आगे निकल चुका है।




















