मुंबई। मुंबई-पुणे एक्सप्रेस-वे पर बड़ा हादसा हो गया। तीर्थयात्रियों को लेकर जा रही बस और ट्रैक्टर के बीच जोरदार टक्कर हो गई। इस हादसे में पांच लोगों की मौत हो गई। जबकि, 42 अन्य घायल हो गए। जिनमें से 7 की हालत गंभीर बनी हुई है। घटना के बाद चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को बस से बाहर निकाला गया। सूचना मिलने के बाद पुलिस की टीम मौके पर पहुंच गई। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।
पंढरपुर जा रही बस दुर्घटनाग्रस्त
पुलिस ने बताया कि, बस में 54 ‘वारकरी' (भगवान विट्ठल के भक्त) सवार थे जो मुंबई के पास ठाणे जिले में अपने गृहनगर डोंबिवली से आषाढ़ी एकादशी समारोह में हिस्सा लेने के लिए पंढरपुर जा रहे थे। यह दुर्घटना नवी मुंबई में पनवेल के पास देर रात के आसपास हुई, जब एक्सप्रेस-वे पर तेज रफ्तार से जा रही बस ने ट्रैक्टर को टक्कर मार दी। पुलिस उपायुक्त विवेक पानसरे ने बताया कि बस में सवार तीन और ट्रैक्टर में सवार दो लोगों की मौत हो गई। मृतकों में एक महिला भी शामिल है।