ताजा खबरभोपालमध्य प्रदेश

सदन की कार्यवाही अनिश्चितकाल के लिए स्थगित, केवल 2 दिन चला MP विधानसभा का मानसून सत्र

भोपाल। मध्य प्रदेश विधानसभा का 5 दिन का मानसून सत्र 2 दिन में ही अनिश्चितकाल के लिए स्थगित हो गया है। 11 जुलाई से 15 जुलाई तक 5 दिन सत्र चलना था। लेकिन सत्र के दूसरे दिन 12 जुलाई को ही हंगामे के चलते इसे खत्म कर दिया गया। इन दो दिनों में भी सत्र 4 घंटे ही चला। पहले दिन 2 घंटे और आज दूसरे दिन 2 घंटे।

कांग्रेसी विधायक नारेबाजी करते हुए गर्भ गृह में धरने पर बैठ गए। वहीं दूसरी तरफ हंगामे और शोर-शराबे के बीच सत्ता पक्ष ने एक विधेयक और अनुपूरक बजट सदन में पेश किया। वित्त मंत्री जगदीश देवड़ा ने 26 हजार 800 करोड़ से ज्यादा का सप्लीमेंट्री बजट सदन में पेश किया। वहीं प्रश्नकाल के बाद विपक्ष के भारी हंगामे के चलते स्पीकर ने सत्र को अनिश्चितकाल के लिए स्थगित कर दिया।

यह घोटालों का अनुपूरक बजट : नेता प्रतिपक्ष

नेता प्रतिपक्ष डॉ. गोविंद सिंह ने सरकार से अपील करते हुए कहा कि, यह अंतिम सत्र है। भाई चारे सौहाद्र से सदन चलाएं। इसके साथ ही सीएम शिवराज पर आपत्तिजनक टिप्पणी करते हुए उन्हें जालिम तानाशाह कहा। नेता प्रतिपक्ष ने कहा- सरकार सत्र नहीं चलाने दे रही, विपक्ष की बात नहीं सुन रहे विपक्ष कहां जाए।

स्थगन प्रस्ताव पर चर्चा करें, सरकार स्थगन प्रस्ताव से भाग रही है। सीधी के आदिवासी भाई को अब तक न्याय नहीं मिला है। जब तक सरकार स्थगन लाकर आदिवासी मुद्दों पर चर्चा नहीं कराती, विपक्ष सदन की कार्यवाही नहीं चलने देगा। वहीं अनुपूरक बजट को लेकर कहा- यह घोटालों का अनुपूरक बजट है।

कूनो में चीतों की मौत मामले में विपक्ष लगातार सरकार पर हमलावर बना हुआ है। नेता प्रतिपक्ष गोविंद सिंह का आरोप- चीतों को अच्छा भोजन नहीं दिया जा रहा, देख-रेख नहीं हो रही। चीतों को लाने में 100 करोड़ खर्च किए, सरकार ध्यान नहीं दे रही।

पटवारी परीक्षा में फर्जीवाड़े के आरोप झूठे : नरोत्तम

पटवारी परीक्षा में हुए फर्जीवाड़े को लेकर गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा बोले- चुनाव नजदीक आते ही कांग्रेस ने परीक्षा में गड़बड़ी का मामला उठाना शुरू कर दिया। यह पूरी तरह से कांग्रेस की साजिश है। मध्य प्रदेश में 8000 से अधिक पटवारी परीक्षा में चयनित होकर आए हैं। 13 जिलों में सेंटर बनाए गए, 35 दिन परीक्षाएं चली, 70 से अधिक प्रश्न पत्र आए। कांग्रेस की तरफ से लगाए गए गड़बड़ी के सभी आरोप झूठे हैं।

अवैध तरीके से जमीन कब्जाने का मामला उठा

सदन में अवैध तरीके से जमीन कब्जाने का मामला उठा। कांग्रेस विधायक आलोक चतुर्वेदी ने मामला उठाते हुए कहा कि, उनके खिलाफ अवैध जमीन पर कब्जा करने का आरोप लगा था। वन विभाग की जमीन पर अवैध तरीके से जमीन कब्जाने का आरोप आरोप लगाया गया था। पूर्व विस अध्यक्ष एनपी प्रजापति ने आरोप लगाया कि, इस मामले में सरकार की ओर से सदन को भ्रामक जानकारी दी गई थी।

सत्र के पहले दिन के अपडेट्स

  • मिर्च-टमाटर की माला पहनकर पहुंचीं रैगांव से कांग्रेस विधायक कल्पना वर्मा। नगरीय प्रशासन मंत्री भूपेंद्र सिंह बोले- यह मौसमी महंगाई है, विपक्ष के पास कोई मुद्दा नहीं है। सिर्फ मध्य प्रदेश में महंगाई नहीं है, राजस्थान में तो कांग्रेस की सरकार है, वहां क्या सब फ्री मिल रहा है। विपक्ष कभी विकास की बात नहीं करेगा।
  • पूर्व केंद्रीय मंत्री कांतिलाल भूरिया बोले- बीजेपी के आने से पूरे प्रदेश में आदिवासियों पर अत्याचार हो रहा है। अमित शाह के दौरे को लेकर बोले- अमित शाह जब से देश के गृह मंत्री बने हैं अपराध बढ़े हैं। देश-प्रदेश से बीजेपी की सरकार को उखाड़ फेंक देंगे।
  • विधानसभा सत्र को लेकर कांग्रेस की तैयारी पर बोले कैबिनेट मंत्री तुलसी सिलावट, कांग्रेस हमेशा झूठ बोलती है झूठे वादे करती। कांग्रेस के आरोपों का मुकाबला पूरी तैयारी से करेंगे।
  • विपक्ष के महंगाई और आदिवासी पर अत्याचार के मुद्दे पर बोले गृह मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा, सरकार ने क्या कार्रवाई की यह सबको पता है। केंद्रीय गृह मंत्री के दौरे पर बोले- अमित शाह जी शुभंकर हैं। उन्होंने धारा 370 हटाने, तीन तलाक पर कानून बनाने का काम किया।
  • पूर्व मंत्री लखन घनघोरिया बोले- प्रदेश में कानून की धज्जियां उड़ाई जा रही। कानून व्यवस्था, महाकाल, और सतपुड़ा आग का मुद्दा उठाएंगे। नरोत्तम मिश्रा कितना भी दंभ भर लें, कानून व्यवस्था चौपट है। सत्ता पक्ष कार्रवाई में व्यवधान उत्पन्न करता है। सत्ता पक्ष के लोग आज भी चर्चा से भागेंगे।
  • पूर्व मंत्री सज्जन सिंह वर्मा बोले- यूपी सरकार के 18 साल के भ्रष्टाचार का मुद्दा उठाएंगे। सत्र के पांचों दिन पूरी कार्यवाही में हिस्सा लेंगे। अमित शाह और केंद्रीय मंत्रियों के दौरे पर बोले- कर्नाटक में मोदी की 20 सभाएं हुईं, पूरा केंद्रीय कैबिनेट बैठा रहा लेकिन कांग्रेस जीती। मध्य प्रदेश में भी कांग्रेस ही जीतेगी।
  • विपक्ष के सतपुड़ा अग्निकांड का मुद्दा उठाने पर बोले पीडब्ल्यूडी मंत्री गोपाल भार्गव, जरूरत पड़ेगी तो विधानसभा पटल पर पूरी रिपोर्ट रखेंगे जैसा सवाल होगा वैसा जवाब देंगे।
  • नेता प्रतिपक्ष गोविंद सिंह बोले- सरकार ने पांच साल में प्रदेश की जनता का जीवन बर्बाद कर दिया है। आज यहां न महिलाएं सुरक्षित हैं न पुलिस अधिकारियों के परिवार। इनकी सरकार में अपराधी को बचाने के लिए फरियादी को सजा दी जाती है। सरकार सच्चाई का सामना करे और एक-एक प्रश्न का जवाब दे।

15वीं विधानसभा का आखिरी मानसून सत्र

15वीं विधानसभा का यह अंतिम मानसून सत्र था। इस सत्र में सरकार वर्तमान वित्तीय वर्ष 2023-24 का प्रथम अनुपूरक बजट प्रस्तुत किया गया।

ये भी पढ़ें- मध्य प्रदेश विधानसभा का मानसून सत्र : हंगामे के बीच सदन की कार्यवाही कल तक के लिए स्थगित, सिगरेट और अन्य तंबाकू उत्पाद संशोधन विधेयक 2023 पारित

संबंधित खबरें...

Back to top button