Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

सांसद आलोक शर्मा की विमानन मंत्री से मांग : बोल- भोपाल से सिंगापुर और दुबई के लिए फ्लाइट शुरू हो या वापस लिया जाए अंतरराष्ट्रीय दर्जा

सांसद आलोक शर्मा की विमानन मंत्री से मांग : बोल- भोपाल से सिंगापुर और दुबई के लिए फ्लाइट शुरू हो या वापस लिया जाए अंतरराष्ट्रीय दर्जा
AI जनरेटेड सारांश
    यह सारांश आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस द्वारा तैयार किया गया है और हमारी टीम द्वारा रिव्यू की गई है।

    भोपाल। राजधानी भोपाल के राजाभोज एयरपोर्ट से अब तक अंतरराष्ट्रीय उड़ानों की शुरुआत नहीं हो पाई है, जबकि इसे 13 साल पहले ही इंटरनेशनल स्तर पर विकसित कर दिया गया था। इस मुद्दे को लेकर भोपाल सांसद आलोक शर्मा ने 5 अगस्त को केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री के राममोहन नायडू से मुलाकात कर अपनी चिंता और जनता की मांग रखी। इस दौरान उन्होंने भोपाल से दुबई और सिंगापुर के लिए सीधी उड़ानें शुरू करने की मांग की।

    भोपाल से कई शहरों के लिए फ्लाइट्स की मांग

    सांसद आलोक शर्मा ने मंत्री को सौंपे गए मांग पत्र में कहा कि, भोपाल से राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय दोनों स्तर की सीधी उड़ानों की जरूरत है। उन्होंने जिन शहरों के लिए उड़ानों की मांग की, उनमें शामिल हैं:

    • भोपाल से दुबई
    • भोपाल से सिंगापुर
    • भोपाल से जम्मू-कश्मीर
    • भोपाल से पटना
    • भोपाल से चंडीगढ़
    • भोपाल से कोलकाता
    • भोपाल से सूरत
    • भोपाल से भुवनेश्वर
    • भोपाल से गुवाहाटी
    • भोपाल से गोवा

    उन्होंने स्पष्ट कहा कि इन शहरों के लिए उड़ानें शुरू होना न सिर्फ भोपाल बल्कि पूरे मध्यप्रदेश के लिए फायदेमंद साबित होगा।

    2011 में मिला था इंटरनेशनल एयरपोर्ट का दर्जा

    सांसद आलोक शर्मा ने मंत्री को बताया कि राजाभोज इंटरनेशनल एयरपोर्ट को 2011 में अंतरराष्ट्रीय उड़ानों के लिए तैयार किया गया था, जिसमें 225 करोड़ रुपए की लागत आई थी। 28 जून 2011 को तत्कालीन नागरिक उड्डयन मंत्री वायलार रवि ने इसका उद्घाटन भी किया था। एयरपोर्ट को कस्टम और इमिग्रेशन की सुविधाएं भी दी जा चुकी हैं, लेकिन अब तक वहां से कोई अंतरराष्ट्रीय शेड्यूल फ्लाइट शुरू नहीं हो सकी है।

    भोपाल के लोग कर रहे हैं इंतजार

    सांसद शर्मा ने कहा कि राजधानी के साथ-साथ आसपास के जिलों के लोग भी भोपाल से अंतरराष्ट्रीय उड़ानों की शुरुआत का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। उन्होंने मंत्री से साफ तौर पर कहा- या तो भोपाल से दुबई और सिंगापुर की उड़ानें शुरू की जाएं, या फिर एयरपोर्ट का इंटरनेशनल दर्जा समाप्त कर दिया जाए।

    अन्य सांसदों का भी मिला समर्थन

    इस मुलाकात में जबलपुर सांसद आशीष दुबे, खंडवा सांसद ज्ञानेश्वर पाटिल और छिंदवाड़ा सांसद बंटी विवेक साहू भी उपस्थित रहे। उन्होंने भी भोपाल से हवाई कनेक्टिविटी बढ़ाने की मांग का समर्थन किया।

    भोपाल-गोवा फ्लाइट का भी उठा मुद्दा

    सांसद आलोक शर्मा ने भोपाल से गोवा के लिए पहले शुरू हुई और फिर बंद कर दी गई फ्लाइट का भी मुद्दा उठाया। व्यंग्यात्मक लहजे में उन्होंने कहा, “गोवा की फ्लाइट चालू कर उसे बंद करने के लिए धन्यवाद।”

    उन्होंने मंत्री को बताया कि 1 दिसंबर 2024 को उन्होंने खुद एयरपोर्ट डायरेक्टर के साथ फ्लाइट का शुभारंभ किया था, लेकिन मात्र चार माह में इसे बंद कर दिया गया। इसके बाद से ही लगातार मांग की जा रही है कि भोपाल-गोवा फ्लाइट फिर से शुरू की जाए।

    सांसद बोले- यह मांग राजनीतिक नहीं

    सांसद ने यह भी स्पष्ट किया कि यह मांग राजनीतिक नहीं, जनता की जरूरत से जुड़ी हुई है। भोपाल जैसे राजधानी शहर से देश के प्रमुख शहरों और अंतरराष्ट्रीय गंतव्यों तक सीधी उड़ानों का न होना, विकास में बाधा है। उन्होंने उम्मीद जताई कि केंद्रीय मंत्री जल्द इस ओर सकारात्मक निर्णय लेंगे।

    Manisha Dhanwani
    By Manisha Dhanwani

    मनीषा धनवानी | जागरण लेकसिटी यूनिवर्सिटी से BJMC | 6 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव में सब-एडिटर, एंकर, ...Read More

    Latest Posts