दामाद बना जल्लाद :सास-ससुर को पेट्रोल बम से जिंदा जलाया, पुलिस ने साथी के साथ निकाला जुलूस

सास-ससुर को पेट्रोल बम से जिंदा जलाया, पुलिस ने साथी के साथ निकाला जुलूस
AI जनरेटेड सारांश
    यह सारांश आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस द्वारा तैयार किया गया है और हमारी टीम द्वारा रिव्यू की गई है।

    कोरिया। छत्तीसगढ़ के कोरिया जिले में दामाद ने क्रूरता की हद पार करते हुए अपने सास-ससुर को खाट से बांधकर पेट्रोल बम से उड़ा दिया। इस सनसनीखेज वारदात में ससुर रायराम केंवट (60) की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि गंभीर रूप से झुलसी सास पार्वती केंवट (59) ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। यह घटना बैकुंठपुर थाना क्षेत्र के बड़े साल्ही गांव की है।

    क्या है मामला

    दरअसल, आरोपी दामाद सुरेश ठाकुर (38), अपनी पत्नी जीनी के मायके लौट आने से नाराज था। दोनों ने 10 साल पहले प्रेम विवाह किया था। हाल ही में सुरेश की एक और पत्नी होने का पता चला, जो कि यूपी में रहती है। इसी को लेकर दोनों के बीच विवाद शुरू हो गया। करीब 6 महीने पहले जीनी बच्चों के साथ मायके लौट आई थी और महंगे सामान भी साथ ले गई थी। सुरेश ससुराल से 10 लाख रुपए भी मांग रहा था। उसने पहले भी ससुराल में हंगामा किया था और साले पर गोली चलाई थी।

    सास-ससुर पर फेंका पेट्रोल बम 

    विवाद को लेकर 13 अक्टूबर की देर रात, आरोपी सुरेश ठाकुर अपने साथी प्रदीप बैरागी (25) के साथ बाइक से ससुराल पहुंचा। दोनों ने नकाब पहनकर घर में घुसकर सो रहे सास-ससुर को खाट से बांधा, पेट्रोल डाला और फिर बाहर निकलकर पेट्रोल बम फेंक दिया। पार्वती केंवट ने अपनी मौत से पहले दिए बयान में सुरेश ठाकुर की पहचान की थी।

    आरोपियों को किया गिरफ्तार 

    वारदात के बाद आरोपी फरार हो गए थे, लेकिन कोरिया पुलिस ने लगातार छापेमारी के बाद मुख्य आरोपी सुरेश ठाकुर को बिलासपुर से आने वाली बस से रतनपुर और कटघोरा के बीच गिरफ्तार कर लिया। उसके दो साथियों प्रदीप बैरागी और सहदेव (37) को भी पकड़ा गया। पुलिस ने आरोपियों के पास से एक कट्टा और 7 जिंदा कारतूस भी बरामद किए हैं।
    पुलिस ने आरोपियों का बैकुंठपुर में आधा सिर मुंडवाकर जुलूस भी निकाला। पुलिस इस शातिर आरोपी दामाद और उसके साथियों से आगे की पूछताछ कर रही है।

    Mithilesh Yadav
    By Mithilesh Yadav

    वर्तमान में पीपुल्स समाचार के डिजिटल विंग यानी 'पीपुल्स अपडेट' में बतौर सीनियर सब-एडिटर कार्यरत हूं।...Read More

    Latest Posts