मोबाइल, Wi-Fi, स्ट्रेस और ब्रेन ट्यूमर का डर!क्या सच में फोन से बढ़ता है कैंसर का खतरा? जानिए इसके लक्षण और सच्चाई

आज की दुनिया स्मार्टफोन, Wi-Fi और इंटरनेट के बिना अधूरी लगती है। सुबह आंख खुलने से लेकर रात को सोने तक हम किसी न किसी स्क्रीन से जुड़े रहते हैं। ऐसे में अक्सर यह सवाल उठता है कि क्या मोबाइल फोन, Wi-Fi या ज्यादा स्क्रीन टाइम ब्रेन ट्यूमर का कारण बन सकते हैं? सोशल मीडिया पर भी इस विषय को लेकर कई तरह के दावे किए जाते हैं, जिससे लोगों के मन में डर पैदा हो जाता है।
हालांकि न्यूरोलॉजी और कैंसर विशेषज्ञों का कहना है कि ब्रेन ट्यूमर को लेकर कई मिथक फैले हुए हैं, जबकि वैज्ञानिक तथ्य कुछ और ही कहानी बताते हैं। आइए जानते हैं कि ब्रेन ट्यूमर क्या है, इसके लक्षण क्या हैं और मोबाइल फोन को लेकर फैली धारणाओं में कितनी सच्चाई है।
ब्रेन ट्यूमर क्या होता है?
ब्रेन ट्यूमर मस्तिष्क में असामान्य कोशिकाओं की वृद्धि से बनने वाली गांठ या टिश्यू मास होता है। यह मुख्य रूप से दो प्रकार का हो सकता है।
1. बिनाइन (Benign) ट्यूमर
यह कैंसरयुक्त नहीं होता और शरीर के दूसरे हिस्सों में नहीं फैलता। हालांकि दिमाग के अंदर सीमित जगह होने के कारण इसका बढ़ना भी गंभीर समस्याएं पैदा कर सकता है।
2. मेलिग्नेंट (Malignant) ट्यूमर
यह कैंसरयुक्त होता है और तेजी से बढ़ सकता है। यह आसपास के टिश्यू को नुकसान पहुंचाने के साथ दोबारा लौटने का खतरा भी रखता है।
किसी ट्यूमर की गंभीरता सिर्फ इस बात से तय नहीं होती कि वह कैंसर है या नहीं, बल्कि उसकी लोकेशन, आकार और बढ़ने की गति भी उतनी ही महत्वपूर्ण होती है।
क्या हर ब्रेन ट्यूमर कैंसर होता है?
ब्रेन ट्यूमर का नाम सुनते ही लोग इसे सीधे कैंसर से जोड़ देते हैं, लेकिन यह पूरी तरह सही नहीं है। रिपोर्ट्स के अनुसार, सभी ब्रेन ट्यूमर कैंसरयुक्त नहीं होते। कई ट्यूमर बिनाइन यानी गैर-कैंसरयुक्त होते हैं, जो शरीर के दूसरे हिस्सों में नहीं फैलते। हालांकि, दिमाग के अंदर सीमित जगह होने के कारण ऐसे ट्यूमर भी गंभीर हो सकते हैं। अगर वे बढ़कर मस्तिष्क के महत्वपूर्ण हिस्सों पर दबाव डालने लगें, तो बोलने, चलने, देखने, याददाश्त और शरीर के संतुलन जैसी क्षमताएं प्रभावित हो सकती हैं।
हमेशा एक जैसे नहीं होते ब्रेन ट्यूमर के लक्षण
अक्सर लोग मानते हैं कि, ब्रेन ट्यूमर का पहला और सबसे बड़ा लक्षण सिरदर्द होता है। हालांकि डॉक्टरों का कहना है कि यह जरूरी नहीं है। हर मरीज में लक्षण अलग-अलग हो सकते हैं। कुछ लोगों में दौरे पड़ना, नजर कमजोर होना, हाथ-पैरों में कमजोरी, बोलने में परेशानी, संतुलन बिगड़ना या व्यवहार में बदलाव जैसे संकेत पहले दिखाई दे सकते हैं। इसलिए लगातार बने रहने वाले न्यूरोलॉजिकल लक्षणों को नजरअंदाज नहीं करना चाहिए।
किस उम्र में हो सकता है ब्रेन ट्यूमर?
यह भी एक आम गलतफहमी है कि ब्रेन ट्यूमर केवल बुजुर्गों को होता है। यह बीमारी किसी भी उम्र में हो सकती है। बच्चों, युवाओं और मध्यम आयु वर्ग के लोगों में भी विभिन्न प्रकार के ब्रेन ट्यूमर देखे जाते हैं। इसलिए कम उम्र के कारण लक्षणों को हल्के में लेना सही नहीं है।
मोबाइल फोन और ब्रेन ट्यूमर के बीच का कनेक्शन
मोबाइल फोन और ब्रेन ट्यूमर के संबंध को लेकर सालों से बहस होती रही है। लेकिन अब तक हुई बड़ी वैज्ञानिक रिसर्च में ऐसा कोई ठोस प्रमाण नहीं मिला है, जिससे यह साबित हो सके कि सामान्य रूप से मोबाइल फोन का इस्तेमाल सीधे ब्रेन ट्यूमर का कारण बनता है। दुनिया भर में इस विषय पर कई अध्ययन किए गए हैं, लेकिन किसी में भी मोबाइल उपयोग और ब्रेन ट्यूमर के जोखिम के बीच स्पष्ट संबंध नहीं पाया गया है।
Wi-Fi और मोबाइल रेडिएशन कितना खतरनाक है?
मोबाइल फोन और Wi-Fi से निकलने वाली तरंगें रेडियोफ्रीक्वेंसी इलेक्ट्रोमैग्नेटिक फील्ड्स कहलाती हैं। ये नॉन-आयोनाइजिंग रेडिएशन की श्रेणी में आती हैं। इसके विपरीत एक्स-रे और गामा किरणें आयोनाइजिंग रेडिएशन होती हैं, जो डीएनए को नुकसान पहुंचा सकती हैं और कैंसर का खतरा बढ़ा सकती हैं। नॉन-आयोनाइजिंग रेडिएशन में ऐसी क्षमता बहुत कम होती है, इसलिए वैज्ञानिक इन्हें ब्रेन ट्यूमर का सीधा कारण नहीं मानते।
2011 की रिपोर्ट के बाद क्यों बढ़ा डर?
साल 2011 में इंटरनेशनल एजेंसी फॉर रिसर्च ऑन कैंसर (IARC) ने रेडियोफ्रीक्वेंसी रेडिएशन को संभावित रूप से कैंसरकारी श्रेणी में रखा था। इसके बाद लोगों में डर बढ़ गया। हालांकि, इसका मतलब यह नहीं था कि मोबाइल फोन कैंसर का कारण साबित हो चुका है। इसका अर्थ केवल इतना था कि, इस विषय पर और ज्यादा शोध की आवश्यकता है। बाद में हुई अन्य स्टडीज में भी मोबाइल इस्तेमाल करने वालों में ब्रेन ट्यूमर का खतरा सामान्य लोगों की तुलना में अधिक नहीं पाया गया।
क्या ज्यादा स्क्रीन टाइम नुकसान पहुंचाता है?
स्क्रीन टाइम को सीधे ब्रेन ट्यूमर से जोड़ना गलत होगा। हालांकि, लंबे समय तक स्क्रीन देखने से आंखों में तनाव, सिरदर्द, नींद की समस्या, मानसिक थकान, तनाव और शारीरिक गतिविधि में कमी जैसी परेशानियां हो सकती हैं। यही वजह है कि, डॉक्टर संतुलित स्क्रीन टाइम, पर्याप्त नींद और नियमित ब्रेक लेने की सलाह देते हैं।
क्या तनाव से हो सकता है ब्रेन ट्यूमर?
बहुत से लोग तनाव को कैंसर और ब्रेन ट्यूमर की वजह मानते हैं, लेकिन वैज्ञानिक प्रमाण इसके समर्थन में नहीं हैं। डॉक्टरों का कहना है कि, तनाव शरीर और मानसिक स्वास्थ्य को प्रभावित जरूर कर सकता है, लेकिन इसे ब्रेन ट्यूमर का प्रत्यक्ष कारण नहीं माना जाता। तनाव के कारण होने वाले सिरदर्द, थकान और चक्कर जैसे लक्षण कई बार लोगों को भ्रमित कर देते हैं।
ब्रेन ट्यूमर के असली कारण क्या हैं?
जानकारी के अनुसार, अधिकांश मामलों में ब्रेन ट्यूमर का सटीक कारण अभी तक स्पष्ट नहीं है। हालांकि कुछ जोखिम कारकों की पहचान की गई है, जिनमें आनुवंशिक कारण, पारिवारिक इतिहास, कुछ दुर्लभ सिंड्रोम और उच्च स्तर की आयोनाइजिंग रेडिएशन शामिल हैं। कई मामलों में यह बीमारी कोशिकाओं में होने वाले जेनेटिक बदलावों की वजह से विकसित होती है।
ब्रेन ट्यूमर के प्रमुख लक्षण कौन से हैं?
ब्रेन ट्यूमर के लक्षण उसके आकार और दिमाग में उसकी स्थिति पर निर्भर करते हैं। लगातार सिरदर्द, जी मिचलाना, उल्टी, धुंधला दिखाई देना, एक चीज दो-दो दिखना, हाथ-पैरों में कमजोरी, संतुलन बिगड़ना, बोलने में परेशानी, याददाश्त कमजोर होना, चक्कर आना, दौरे पड़ना और अत्यधिक थकान इसके प्रमुख संकेत हो सकते हैं। जरूरी नहीं कि सभी लक्षण एक साथ दिखाई दें। कई बार केवल एक या दो संकेत भी बीमारी की ओर इशारा कर सकते हैं।
कब डॉक्टर से संपर्क करना चाहिए?
अगर सिरदर्द, चक्कर, दौरे, नजर कमजोर होना या शरीर के किसी हिस्से में कमजोरी जैसे लक्षण लगातार बने रहें और सामान्य इलाज से राहत न मिले, तो तुरंत न्यूरोलॉजिस्ट से संपर्क करना चाहिए। समय पर जांच और सही इलाज गंभीर जटिलताओं को रोकने में मदद कर सकता है।
क्या ब्रेन ट्यूमर का इलाज संभव है?
आधुनिक चिकित्सा ने ब्रेन ट्यूमर के इलाज में काफी प्रगति की है। आज सर्जरी, रेडिएशन थेरेपी, कीमोथेरेपी और नई टारगेटेड दवाओं की मदद से कई मरीज सफल इलाज के बाद सामान्य जीवन जी रहे हैं। समय पर पहचान और सही उपचार ही बेहतर परिणाम की सबसे बड़ी कुंजी है।











