मणिपुर में लोगों ने 87 हथियार किए सरेंडर, बंदूक और गोला-बारूद पुलिस को सौंपे, जानें सबसे ज्यादा किस जिले से मिले

इंफाल। मणिपुर में चुराचांदपुर, इंफाल पूर्व, बिष्णुपुर, थौबल, कांगपोकपी, जिरीबाम और इंफाल पश्चिम जिलों में पिछले 24 घंटों के दौरान जनता ने स्वेच्छा से कुल 87 विभिन्न प्रकार के हथियार, गोला-बारूद और अन्य विविध वस्तुएं पुलिस के समक्ष समर्पण किए हैं।
पुलिस ने बुधवार को यह जानकारी दी। पुलिस के सामने समर्पण किए गए हथियारों में खाली मैगजीन के साथ छह 7.62 मिमी सेल्फ-लोडिंग राइफलें (एसएलआर), बिना पंजीकरण संख्या के इंसास 5.56 एलएमजी, एम-79 40 मिमी लाठी यूबीजीएल बंदूक (पाकिस्तान में निर्मित) शामिल हैं।
लोगों ने हथियार सरेंडर किए ये हथियार
- सबसे अधिक हथियार इंफाल पश्चिम जिले में सौंपे गए। इनमें 12 कार्बाइन मशीन गन और मैगजीन, .303 की दो राइफल के साथ मैगजीन, दो एसएलआर राइफल और उसकी मैगजीन, 12 बोर ‘सिंगल बैरल' की चार गन और एक आईईडी शामिल है।
- जिरीबाम जिले में सौंपे गए हथियारों में 12 बोर की पांच ‘डबल बैरल' बंदूक, नौ मिमी कार्बाइन के साथ मैगजीन और एक ग्रेनेड शामिल है।
- कांगपोकपी जिले में दो मैगजीन के साथ एके-47 राइफल, .303 राइफल, एक ‘स्मिथ एंड वेसन' रिवॉल्वर, मैगजीन के साथ .22 पिस्तौल, एक ‘सिंगल बैरल' राइफल और ग्रेनेड समेत हथियार सौंपे गए।
- मंगलवार को बिष्णुपुर, थौबल, इंफाल पूर्वी और चुराचांदपुर जिलों में भी हथियार पुलिस को सौंपे गए।












