शहडोल में चिकन शॉप संचालक की सरेआम हत्या :विरोध करने पर सीने में मारी दो गोलियां, आरोपी फरार

शहडोल के अमलाई थाना क्षेत्र में चिकन शॉप संचालक रज्जन कहार की गोली मारकर हत्या कर दी गई। नकाबपोश बदमाश ने पहले हवाई फायर किया, फिर विरोध करने पर सीने में दो गोलियां दाग दीं। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और आरोपी की तलाश में जिलेभर में नाकाबंदी की गई है।
विरोध करने पर सीने में मारी दो गोलियां, आरोपी फरार
शहडोल में युवक की हत्या से सनसनी

मध्य प्रदेश के शहडोल जिले में सोमवार देर रात एक सनसनीखेज हत्या की वारदात सामने आई। अमलाई थाना क्षेत्र के रामपुर में चिकन शॉप संचालक रज्जन कहार (32) की गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटना के बाद इलाके में दहशत फैल गई। आरोपी वारदात को अंजाम देकर मौके से फरार हो गया।

पहले हवाई फायर किया, विरोध करने पर चला दी गोली

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, एक नकाबपोश युवक बाइक से दुकान के पास पहुंचा और पहले हवाई फायर किया। जब रज्जन कहार ने इसका विरोध करते हुए कहा कि हो गया इतना ही तो आरोपी ने उसके सीने में गोली मार दी।

दुकान में मौजूद लोगों ने आरोपी को पकड़ने की कोशिश की, लेकिन उसने रज्जन के सीने में दूसरी गोली भी दाग दी। गंभीर रूप से घायल रज्जन सड़क पर गिर पड़े। आसपास मौजूद लोगों ने उन्हें तुरंत अनूपपुर जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

मौके पर पहुंची पुलिस, CCTV फुटेज खंगाल रही

घटना की सूचना मिलते ही अमलाई थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालना शुरू कर दिया है। पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है।

CrimeNews

पुरानी रंजिश समेत कई एंगल पर जांच

प्रारंभिक जांच में पुलिस पुरानी रंजिश, आपसी विवाद और नशे से जुड़े पहलुओं की भी जांच कर रही है। प्रत्यक्षदर्शियों के बयान के आधार पर पुलिस को आशंका है कि आरोपी स्थानीय हो सकता है।

आरोपी की तलाश में जिलेभर में नाकाबंदी

पुलिस ने आरोपी की गिरफ्तारी के लिए जिलेभर में नाकाबंदी कर दी है और संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

पिछले महीने भी हुई थी फायरिंग

गौरतलब है कि पिछले महीने भी रामपुर क्षेत्र में गोलीबारी की घटना सामने आई थी। उस समय सीमा विवाद को लेकर अनूपपुर कोतवाली क्षेत्र में फायरिंग हुई थी। लगातार हो रही ऐसी घटनाओं से इलाके में कानून-व्यवस्था को लेकर लोगों में चिंता बढ़ गई है।

Shivani Gupta
By Shivani Gupta

शिवानी गुप्ता | MCU, भोपाल से इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में ग्रेजुएशन | 9 वर्षों की टीवी और डिजिटल तक की य...Read More

Latest Posts