वेयरहाउस में नाग-नागिन का ‘डबल अटैक’, मच गई भगदड़

घंसौर/खमरिया निवासी पवन शिवहरे के वेयरहाउस में उस समय हड़कंप मच गया, जब वहां काम कर रहे कर्मचारियों की नजर अचानक नाग-नागिन के जोड़े पर पड़ी। एक साथ दो सांपों को देखकर कर्मचारियों में अफरा-तफरी मच गई और सभी तुरंत गोदाम से बाहर निकल आए।
सर्प मित्र को दी गई सूचना
कर्मचारियों ने घटना की जानकारी तुरंत सर्प मित्र बल्लू नामदेव को दी। सूचना मिलते ही बल्लू नामदेव अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और सावधानी के साथ सांपों का रेस्क्यू शुरू किया। टीम ने काफी मशक्कत के बाद दोनों सांपों को सुरक्षित पकड़ लिया।
बिना नुकसान पहुंचाए जंगल में छोड़ा
रेस्क्यू के बाद नाग-नागिन के जोड़े को किसी तरह का नुकसान नहीं पहुंचाया गया। दोनों सांपों को सुरक्षित प्राकृतिक वातावरण में जंगल में छोड़ दिया गया। सांपों के सुरक्षित रेस्क्यू के बाद वेयरहाउस में काम कर रहे कर्मचारियों ने राहत की सांस ली।
लगातार सांपों का रेस्क्यू कर रही टीम
बताया गया कि सर्प मित्र बल्लू नामदेव और उनकी टीम इलाके में सांप निकलने की सूचना मिलने पर लगातार मौके पर पहुंचकर उनका सुरक्षित रेस्क्यू करती है। टीम का प्रयास रहता है कि सांपों को नुकसान पहुंचाए बिना उन्हें उनके प्राकृतिक आवास में छोड़ा जाए। इस रेस्क्यू अभियान की स्थानीय लोगों ने भी सराहना की।


















