सीतलपुर गांव में कुएं में मिला अधेड़ का शव, हाथ-पैर बंधे मिलने से हत्या की आशंका

-पुलिस के खिलाफ फूटा ग्रामीणों का गुस्सा, महिलाओं ने की हाथापाई
सीतलपुर गांव में कुएं में मिला अधेड़ का शव, हाथ-पैर बंधे मिलने से हत्या की आशंका
    यह सारांश आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस द्वारा तैयार किया गया है और हमारी टीम द्वारा रिव्यू की गई है।

    गुना। जिले के मधुसूदनगढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम सीतलपुर में मंगलवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई। जब एक अधेड़ व्यक्ति का शव गांव के कुएं में तैरता हुआ मिला। मृतक की पहचान नारायण सिंह पिता मांगीलाल खंगार निवासी सीतलपुर के रूप में हुई है। शव के हाथ-पैर बंधे हुए मिलने से ग्रामीणों में हत्या की आशंका गहराने लगी है। घटना की सूचना सुबह ही पुलिस को दे दी गई थी, लेकिन पुलिस के मौके पर देर से पहुंचने पर ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। गुस्साए ग्रामीणों ने गुना रोड पर चक्काजाम कर दिया।

    ग्रामीणों ने पुलिस के खिलाफ की नारेबाजी 

    ग्रामीणों का आरोप है कि घटना की जानकारी देने के बाद भी पुलिस एक घंटे से अधिक समय बाद पहुंची, जिससे पूरे गांव में आक्रोश फैल गया। मौके पर मौजूद लोगों ने पुलिस के खिलाफ जोरदार नारेबाजी की। वहीं कई महिलाओं ने पुलिसकर्मियों से हाथापाई करते हुए उन्हें मौके से खदेड़ने की कोशिश की। पुलिसकर्मियों को समझाइश देने में काफी मशक्कत करनी पड़ी, लेकिन ग्रामीणों का गुस्सा शांत नहीं हुआ।

    Twitter Post

    गांव वालों का कहना है कि मृतक ने पहले भी कुछ लोगों के खिलाफ शिकायत की थी, लेकिन पुलिस ने उस पर कोई कार्रवाई नहीं की। उनका आरोप है कि यदि पुलिस समय रहते कार्रवाई करती, तो शायद यह हत्या टल सकती थी। मृतक पिछले तीन दिनों से लापता था।

    घटनास्थल पर लोगों की भारी भीड़

    इधर, पुलिस ने शव को कुएं से निकालने के लिए रेस्क्यू शुरू किया और पंचनामा कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेजने की तैयारी की जा रही है। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घटनास्थल पर लोगों की भारी भीड़ जमा है, वहीं ग्रामीण न्याय और दोषियों की गिरफ्तारी की मांग पर अड़े हुए हैं।

    Mithilesh Yadav
    By Mithilesh Yadav

    वर्तमान में पीपुल्स समाचार के डिजिटल विंग यानी 'पीपुल्स अपडेट' में बतौर सीनियर सब-एडिटर कार्यरत हूं।...

    Latest Posts