झारखंड के देवघर में सड़क हादसा : ट्रक से टकराई कांवड़ियों से भरी बस, 6 की मौत; 24 घायल

झारखंड के देवघर में बड़ा सड़क हादसा हो गया। गोड्डा-देवघर मार्ग पर कांवड़ियों से भरी बस और ट्रक की भीषण टक्कर में 6 श्रद्धालुओं की मौत हो गई और कई घायल हो गए। बस ड्राइवर को झपकी आने की वजह से हादसा हुआ।
Follow on Google News
झारखंड के देवघर में सड़क हादसा : ट्रक से टकराई कांवड़ियों से भरी बस, 6 की मौत; 24 घायल
AI जनरेटेड सारांश
    यह सारांश आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस द्वारा तैयार किया गया है और हमारी टीम द्वारा रिव्यू की गई है।

    देवघर। झारखंड के देवघर जिले के मोहनपुर प्रखंड के जमुनिया चौक के पास मंगलवार सुबह लगभग 5:30 बजे दर्दनाक हादसा हो गया। जिसने श्रावण मास की आस्था भरी यात्रा को मातम में बदल दिया। कांवड़ियों से भरी बस सामने से आ रहे गैस सिलेंडर लदे ट्रक से जोरदार टकरा गई। टक्कर इतनी भयानक थी कि बस का अगला हिस्सा पूरी तरह धंस गया और उसमें बैठे श्रद्धालु बुरी तरह फंस गए।

    6 श्रद्धालुओं की मौत

    देवघर डीसी नमन प्रियेश लकड़ा के अनुसार, हादसे में 6 कांवड़ियों की मौत हो चुकी है, जबकि कई लोगों की हालत गंभीर है और उन्हें AIIMS देवघर रेफर किया गया है। वहीं अन्य घायलों का इलाज सदर अस्पताल में चल रहा है।

    हालांकि, गोड्डा सांसद निशिकांत दुबे ने सोशल मीडिया पर 18 श्रद्धालुओं की मौत की बात कही थी, जिसे बाद में प्रशासन ने स्पष्ट किया।

    Twitter Post

    ड्राइवर को झपकी आने से हुआ हादसा

    प्राथमिक जांच में सामने आया है कि बस ड्राइवर को झपकी आ गई थी, जिसके चलते उसने नियंत्रण खो दिया। टक्कर के बाद ड्राइवर सीट समेत नीचे गिर गया और मौके पर ही उसकी मौत हो गई। बस करीब 100 मीटर तक बिना ड्राइवर के चलती रही और अंत में सड़क किनारे ईंटों के ढेर से टकरा कर रुक गई।

    बिहार के थे 4 मृतक श्रद्धालु  

    हादसे में जिन 6 लोगों की जान गई, उनमें 4 श्रद्धालु बिहार से थे-

    • दुर्गावती देवी (45), बेतिया
    • संता देवी, पटना
    • सुमन कुमारी, गया
    • पीयूष कुमार (19), वैशाली
    • बस ड्राइवर सुभाष तूरी (30) देवघर का रहने वाला था।

    प्रत्यक्षदर्शियों ने क्या कहा

    मोतिहारी निवासी अनिल यादव, जो बस में सवार थे, ने बताया, "हम लोग देवघर से बासुकीनाथ जा रहे थे। अचानक तेज आवाज आई और बस झटके से रुक गई। चारों ओर चीख-पुकार मच गई। कई लोग खून से लथपथ थे। मैं खुद सदमे में हूं।"

    स्थानीय लोगों ने की घायलों की मदद

    हादसे के तुरंत बाद स्थानीय ग्रामीण मौके पर पहुंचे और बस में फंसे घायलों को निकाला। कई लोग एंबुलेंस आने तक घायलों को मोहनपुर सीएचसी तक अपनी गाड़ियों से लेकर गए। राहत और बचाव कार्य में पुलिस भी तत्काल जुट गई।

    हादसे की जांच जारी

    देवघर के एसपी, एसडीओ, थाना प्रभारी समेत प्रशासन के आला अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे और मौके का मुआयना किया। पुलिस जांच कर रही है कि कहीं वाहन में तकनीकी खामी तो नहीं थी।

    देश के कई शीर्ष नेताओं ने जताया दुख

    प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने X (ट्विटर) पर लिखा- "झारखंड के देवघर में हुई सड़क दुर्घटना अत्यंत दुखद है। श्रद्धालुओं की जान जाना बेहद पीड़ादायक है। मैं उनके परिजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करता हूं।"

    मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा- "बाबा बैद्यनाथ से प्रार्थना करता हूं कि मृतकों की आत्मा को शांति मिले। घायलों को जल्द से जल्द चिकित्सा मिले इसके लिए प्रशासन पूरी तत्परता से लगा है।"

    राज्यपाल सी.पी. राधाकृष्णन, पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास, विपक्ष के नेता बाबूलाल मरांडी सहित कई नेताओं ने गहरा शोक जताया।

    श्रावण मास की आस्था पर भारी हादसा

    देवघर को बाबा बैद्यनाथ धाम के रूप में जाना जाता है, जहां हर साल श्रावण मास में लाखों कांवड़िए पूजा करने आते हैं। ये श्रद्धालु भी इसी कांवड़ यात्रा के लिए निकले थे लेकिन उनकी यात्रा का समापन दुखद और त्रासदीपूर्ण हो गया।

    Manisha Dhanwani
    By Manisha Dhanwani

    मनीषा धनवानी | जागरण लेकसिटी यूनिवर्सिटी से BJMC | 6 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव में सब-एडिटर, एंकर, ...Read More

    नई दिल्ली
    --°
    बारिश: -- mmह्यूमिडिटी: --%हवा: --
    Source:AccuWeather
    icon

    Latest Posts