LoC पर बड़ी साजिश नाकाम, जैश-ए-मोहम्मद का पाकिस्तानी गाइड गिरफ्तार; घुसपैठ में कर रहा था मदद

LoC पर बड़ी साजिश नाकाम, जैश-ए-मोहम्मद का पाकिस्तानी गाइड गिरफ्तार; घुसपैठ में कर रहा था मदद

जम्मू-कश्मीर के राजौरी जिले में नियंत्रण रेखा (LoC) के पास सेना ने रविवार को बड़ी घुसपैठ की कोशिश को नाकाम कर दिया। केरी सेक्टर में चलाए गए संयुक्त ऑपरेशन में जैश-ए-मोहम्मद (JeM) से जुड़े एक पाकिस्तानी गाइड को पकड़ लिया गया है।

पकड़े गए युवक की पहचान और कबूलनामे ने खोले राज

पकड़े गए युवक की पहचान 22 वर्षीय मोहम्मद आरिब अहमद के रूप में हुई है। वह पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर (PoK) के कोटली जिले के निकियाल इलाके के डेटोटे गांव का निवासी है। पूछताछ में आरिब ने कबूला कि वह जैश-ए-मोहम्मद के आतंकियों को LoC पार कराने में मदद कर रहा था। उसने बताया कि आतंकियों के पास भारी मात्रा में हथियार और गोला-बारूद मौजूद था।

घने जंगल और पहाड़ी इलाकों का उठाया फायदा

सेना के अनुसार, आतंकियों ने घुसपैठ के लिए इलाके के घने जंगल और कठिन पहाड़ी भूगोल का सहारा लिया। जवानों ने खुफिया सूचना के आधार पर ऑपरेशन को अंजाम दिया। सेना और बीएसएफ ने मिलकर आतंकियों की संदिग्ध गतिविधियों पर नज़र रखी और समय रहते कार्रवाई की। गोलीबारी के बाद बाकी आतंकी मौके से फरार हो गए।

मोबाइल, पाकिस्तानी करेंसी और अहम सुराग बरामद

सर्च ऑपरेशन के दौरान पकड़े गए गाइड के पास से एक मोबाइल फोन और पाकिस्तानी करेंसी मिली है। शुरुआती पूछताछ में कई अहम सुराग सामने आए हैं। गाइड ने खुलासा किया है कि इस पूरे ऑपरेशन में उसे पाकिस्तान सेना का सहयोग मिला।

LoC पर निगरानी और अलर्ट बढ़ाया

सेना के अधिकारियों ने बताया कि हाल ही में हुए ऑपरेशन सिंदूर के बाद से LoC पर निगरानी और सख्त कर दी गई है। पुंछ और राजौरी जिलों में सुरक्षा बलों को हाई अलर्ट पर रखा गया है, ताकि किसी भी संभावित खतरे को समय रहते रोका जा सके।

Shivani Gupta
By Shivani Gupta

शिवानी गुप्ता | MCU, भोपाल से इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में ग्रेजुएशन | 9 वर्षों की टीवी और डिजिटल तक की य...Read More

Latest Posts