PlayBreaking News

इंदौर प्रशासन अलर्ट: जाम गेट-पातालपानी समेत सभी प्रमुख पर्यटन स्थलों पर रोक

बढ़ते जलस्तर को देखते हुए कलेक्टर शिवम वर्मा के निर्देश, बैरिकेडिंग कर रोकी गई पर्यटकों की एंट्री; नियम तोड़ने वालों पर होगी कार्रवाई
Follow on Google News
 जाम गेट-पातालपानी समेत सभी प्रमुख पर्यटन स्थलों पर रोक
फाइल फोटो

इंदौर। जिले में लगातार हो रही बारिश के चलते नदी-नालों और जलप्रपातों का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है। संभावित हादसों को रोकने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर आ गया है। कलेक्टर शिवम वर्मा ने सुरक्षा की दृष्टि से जिले के प्रमुख पर्यटन और पिकनिक स्थलों पर प्रतिबंधात्मक आदेश जारी कर दिए हैं। इसके तहत जाम गेट, पातालपानी, चोरल डैम, तिंछा फॉल, मोहाड़ी फॉल, सीतलामाता फॉल, हाटोद क्षेत्र के नदी-नालों सहित अन्य संवेदनशील पर्यटन स्थलों पर पर्यटकों की आवाजाही पर रोक लगा दी गई है। प्रशासन के निर्देश के बाद सभी प्रतिबंधित स्थलों पर बैरिकेडिंग कर दी गई है। पुलिस, राजस्व और वन विभाग की संयुक्त टीमें मौके पर तैनात हैं और लगातार निगरानी कर रही हैं ताकि कोई भी व्यक्ति प्रतिबंधित क्षेत्र में प्रवेश न कर सके।

 

जलस्तर बढ़ने से बढ़ा हादसों का खतरा

लगातार हो रही बारिश के कारण जिले के अधिकांश झरनों, नदी-नालों और डैमों का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है। ऐसे में अचानक पानी बढ़ने और तेज बहाव के कारण दुर्घटनाओं की आशंका बनी हुई है। प्रशासन का कहना है कि हर वर्ष बारिश के दौरान कई लोग लापरवाही के कारण हादसों का शिकार हो जाते हैं। इसी को देखते हुए इस बार पहले से ही एहतियाती कदम उठाए गए हैं।

 

उल्लंघन करने वालों पर होगी कार्रवाई

जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि प्रतिबंधात्मक आदेश का उल्लंघन करने वाले लोगों के खिलाफ नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी। संबंधित विभागों को निर्देश दिए गए हैं कि संवेदनशील क्षेत्रों में लगातार गश्त कर स्थिति पर नजर बनाए रखें।

 

प्रशासन की अपील

कलेक्टर शिवम वर्मा ने नागरिकों और पर्यटकों से अपील की है कि वे अपनी सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दें और बारिश के दौरान किसी भी नदी, झरने, डैम या डूब क्षेत्र में जाने का जोखिम न उठाएं। प्रशासन ने कहा है कि थोड़ी सी लापरवाही भी जानलेवा साबित हो सकती है, इसलिए सभी लोग जारी प्रतिबंधों का पालन करें और प्रशासन का सहयोग करें।

 

Hemant Nagle
By Hemant Nagle

हेमंत नागले | पिछले बीस वर्षों से अधिक समय से सक्रिय पत्रकारिता में हैं। वर्ष 2004 में मास्टर ऑफ जर्...Read More

नई दिल्ली
--°
बारिश: -- mmह्यूमिडिटी: --%हवा: --
Source:AccuWeather
icon

Latest Posts