चाय की चुस्की से शुरू हुआ विवाद:चाकूबाजी तक पहुंचा मामला,दो पक्षों में खूनी झड़प

इंदौर के एमआईजी थाना क्षेत्र में एक चाय की दुकान पर चाय पीने के दौरान हुआ मामूली विवाद देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गया। दोनों पक्षों के बीच पहले कहासुनी हुई, फिर गाली-गलौज और मारपीट शुरू हो गई। विवाद इतना बढ़ गया कि एक पक्ष द्वारा चाकू निकालकर हमला करने का आरोप लगाया गया है। घटना में कुछ लोग घायल हुए हैं।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार एमआईजी क्षेत्र स्थित एक चाय की दुकान पर कुछ युवक चाय पी रहे थे। इसी दौरान किसी बात को लेकर दो पक्षों के बीच बहस शुरू हुई। कुछ ही देर में विवाद ने उग्र रूप ले लिया और दोनों ओर से मारपीट होने लगी। आरोप है कि झगड़े के दौरान एक युवक ने चाकू निकालकर दूसरे पक्ष के लोगों पर हमला कर दिया। अचानक हुई चाकूबाजी से मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद लोगों ने बीच-बचाव कर स्थिति को शांत करने का प्रयास किया और तत्काल पुलिस को सूचना दी।सूचना मिलते ही एमआईजी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को नियंत्रित किया। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया, जहां उनका प्राथमिक इलाज किया गया। पुलिस के मुताबिक सभी घायलों की हालत फिलहाल सामान्य है।
CCTV फुटेज से खुलेगा विवाद का सच
पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज जुटाना शुरू कर दिया है। अधिकारियों का कहना है कि फुटेज के आधार पर यह स्पष्ट किया जाएगा कि विवाद की शुरुआत किसने की और चाकूबाजी की घटना में कौन-कौन शामिल था।
घटना स्थल पर मिला टूटा हुआ चाकू
दोनों पक्षों पर मामला दर्ज
एमआईजी थाना पुलिस के अनुसार दोनों पक्षों ने एक-दूसरे के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। शिकायतों के आधार पर विभिन्न धाराओं में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस का कहना है कि मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है और जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसी आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल क्षेत्र में स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है और किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए पुलिस निगरानी बढ़ा दी गई है।












